सीहोर : वीआईटी भोपाल विश्वविद्यालय के बहु-प्रतीक्षित टेक्नो-सांस्कृतिक महोत्सव 'अद्वित्या’26' की 26 फरवरी को शानदार शुरुआत हुई। महोत्सव के पहले दिन तकनीकी नवाचार, हास्य और संगीत का एक ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने पूरे परिसर को ऊर्जा से भर दिया। दिन का मुख्य आकर्षण स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणव शर्मा रहे, जिन्होंने कैंपस जीवन की खट्टी-मीठी यादों और सामाजिक टिप्पणियों से सजी अपनी प्रस्तुति 'Stand-Up Uncut' के जरिए छात्रों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। उनकी कॉमेडी ने उत्सव की शुरुआत को एक हल्का-फुल्का और खुशनुमा माहौल प्रदान किया।

सांस्कृतिक और तकनीकी मोर्चे पर भी गतिविधियाँ जोरों पर रहीं। एक ओर जहाँ 'Battle Bots' और 'Robo-Mania' जैसी प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अपनी कोडिंग और इंजीनियरिंग प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर 'Kavya Manch' और 'Rang & Ruckus' जैसे आयोजनों ने रचनात्मकता की नई परिभाषा गढ़ी। शाम होते ही संगीत का जादू छा गया। 'द 9टीन बैंड' ने अपनी अनूठी वेशभूषा और बॉलीवुड मैश-अप्स के साथ मंच पर आग लगा दी, जिसके बाद मशहूर गायिका रश्मीत कौर ने 'बाजरे दा सिट्टा' जैसे अपने सुपरहिट गानों से दर्शकों को देर रात तक थिरकने पर मजबूर किया।

अद्वित्या’26 का पहला दिन एक नई ऊर्जा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। अब सबकी नज़रें 27 फरवरी की 'आर्टिस्ट नाइट' पर टिकी हैं, जहाँ राजस्थानी लोकगायक जसू खान बिसु अपनी विशेष सांगीतिक विरासत के साथ रेगिस्तान की खुशबू को वीआईटी भोपाल के मंच पर बिखेरेंगे। इसके बाद 28 फरवरी को अरमान मलिक के मेगा फिनाले के साथ इस तीन दिवसीय उत्सव का समापन होगा।