उचित मूल्य दुकानों की नियमित मॉनिटरिंग करें, खाद्यान्न वितरण में लापरवाही न हो : कलेक्टर
आयुष्मान कार्ड बनाने में विलंब पर नाराजगी, जिम्मेदारों के वेतन काटने के निर्देश
जर्जर स्कूल भवन तत्काल डिस्मेंटल करने को कहा
एवीएस न्यूज.उमरिया/मानपुर
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों का नियमित भ्रमण कर उनके खुलने और खाद्यान्न वितरण की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराया जाए और वितरण व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
आयुष्मान कार्ड बनाने में देरी पर वेतन काटने के निर्देश
बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने की कम प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड बनाने में विलंब करने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के वेतन में कटौती की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने और पात्र लोगों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।
3 सितंबर को चंदिया में जन विश्वास शिविर
कलेक्टर ने बताया कि 3 सितंबर को करकेली विकासखंड के चंदिया में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से पहले क्षेत्र से जुड़ी शिकायतों और लंबित प्रकरणों का तत्परता से निराकरण कर लिया जाए, ताकि लोगों को शिविर में अनावश्यक रूप से समस्याएं लेकर न आना पड़े।
जर्जर स्कूल भवन तत्काल हटाएं
कलेक्टर ने विद्यालय परिसरों में मौजूद जीर्ण-शीर्ण और जर्जर भवनों को तत्काल डिस्मेंटल कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए ऐसे भवनों को चिन्हित कर समय पर कार्रवाई की जाए।
नालियों की सफाई और निर्माण पर जोर
शहरी क्षेत्रों में नालियों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन वार्डों में नालियों की व्यवस्था नहीं है, वहां नाली निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए जाएं। उन्होंने जल निगम के कार्यों में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताते हुए परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।
कोई शिकायत अनअटेंडेंट न रहे
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और समय-सीमा के प्रकरणों का निर्धारित तिथि तक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री कार्यालय और कमिश्नर कार्यालय शहडोल से प्राप्त शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट स्थिति में नहीं रहनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण की जिम्मेदारी तय कर उसका निराकरण कराया जाए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव, प्रिया अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


