कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित हुई माय भारत जिला सलाहकार समिति, पहली बैठक 23 जुलाई को
एवीएस न्यूज.उमरिया/भोपाल
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर जिले में माय भारत जिला सलाहकार समिति का गठन किया गया है। समिति की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय करेंगी। समिति की पहली बैठक 23 जुलाई को सुबह 11:30 बजे कलेक्टर सभागार में आयोजित की जाएगी।
माय भारत की दो स्तरीय जिला समितियों के गठन को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है, जिसमें माय भारत जिला सलाहकार समिति और माय भारत जिला समन्वय समिति शामिल हैं। जिला सलाहकार समिति को जिला स्तरीय शिखर समिति के रूप में कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है।
समिति में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह, सीएमएचओ डॉ. व्ही.एस. चंदेल, लीड बैंक मैनेजर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी, सामाजिक न्याय विभाग के प्रतिनिधि, सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत, नोडल अधिकारी एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट गाइड, हिंदुस्तान स्काउट गाइड, सचिव भारत रेडक्रॉस सोसायटी, नोडल अधिकारी कौशल विकास विभाग, जिला रोजगार अधिकारी सहित अन्य सदस्य शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा विशिष्ट योग्यता प्राप्त युवा (सीईओ माय भारत द्वारा नामित), विशिष्ट व्यक्ति (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री द्वारा नामित) तथा डिप्टी कलेक्टर प्रत्युष श्रीवास्तव को भी समिति में सदस्य बनाया गया है। जिला युवा अधिकारी को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने बताया कि समिति जिले में संचालित युवा विकास कार्यक्रमों को रणनीतिक दिशा और नीति मार्गदर्शन प्रदान करेगी। साथ ही विभिन्न विभागों, गैर-सरकारी संगठनों और विकास संस्थानों के बीच समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगी।
समिति के प्रमुख कार्यों में माय भारत कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए नीति निर्धारण, जिला प्रशासन और माय भारत के बीच संस्थागत संबंधों को मजबूत करना, प्रत्येक तिमाही में युवा कार्यक्रमों की समीक्षा करना, युवाओं की सहभागिता को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण एवं सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को गति देना शामिल है।
समिति वंचित वर्गों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ उपलब्ध संसाधनों और योजनाओं के बेहतर उपयोग के लिए भी सुझाव देगी।






