एवीएस न्यूज.उमरिया/भोपाल


 जिले में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह ने दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 116 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय-सीमा में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में कंचनपुर थाना नौरोजाबाद निवासी राजकुमारी त्रिपाठी ने अपने पुत्र विवेक त्रिपाठी से भरण-पोषण दिलाए जाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम बांधवगढ़ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार रामदयाल विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त हेल्पर डब्ल्यूआरडी ने विभागीय भविष्य निधि (डीपीएफ) का भुगतान एवं पेंशन शुरू कराने की मांग की। ग्राम तेंदुहा निवासी बालगोविंद सिंह ने वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन, संतोषी कुशवाहा मोहनपुरी ने शासकीय हाईस्कूल खलेसर में मध्यान्ह भोजन रसोइया पद पर नियुक्ति, रामबाई ग्राम पंचायत नरवार-29 ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

वहीं दउवाराम सिंह ग्राम करकटी ने वृक्षारोपण कार्य के चौकीदार का मानदेय, कैलाश संत पनिका ग्राम करकेली ने अनुकंपा नियुक्ति, रामकुमार बैगा ग्राम सलैया ने फौती नामांतरण, चंद्रशेखर रजक सहित अन्य आवेदकों ने मजदूरी भुगतान, कल्लू यादव धनवाही ने पुस्तैनी जमीन पर ग्राम पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण तथा पवन कुमार गुप्ता ग्राम धनगी ने पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन दिए।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव, तहसीलदार बांधवगढ़ दिलीप सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।