हाईटेक कम्प्यूटरीकृत कार्यालय से सदस्यता अभियान और प्रदेशभर के सनातन समाज से डिजिटल जुड़ाव को मिलेगी नई गति

एवीएस न्यूज.भोपाल 
सनातन संस्कृति के संरक्षण, संगठन और जनजागरण के क्षेत्र में सक्रिय श्री हिंदू उत्सव समिति (पंजीयन क्रमांक-63) अब डिजिटल युग में नई पहल करने जा रही है। समिति के हाईटेक, अत्याधुनिक और पूर्णतः कम्प्यूटरीकृत डिजिटल अध्यक्षीय कार्यालय का शुभारंभ 23 जुलाई (गुरुवार) को शाम 6 बजे माँ वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर एवं बाबा खाटू श्याम मंदिर परिसर, प्लैटिनम प्लाजा के समीप किया जाएगा।

कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर शाम 4 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जाएगा।

संगठनात्मक गतिविधियों का बनेगा डिजिटल केंद्र

समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि संतों के सानिध्य में तैयार किया गया यह डिजिटल कार्यालय संगठन की गतिविधियों के संचालन का केंद्रीय केंद्र होगा। यहां से सदस्यता अभियान, जनसंपर्क, सूचना प्रसारण, डिजिटल अभिलेखन और अन्य संगठनात्मक कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि समिति अब एक्स (X), फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रदेशभर के सनातन समाज से लगातार संवाद स्थापित करेगी।

सदस्यता अभियान को मिलेगा विस्तार

अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि डिजिटल कार्यालय के माध्यम से समिति के महासदस्यता अभियान को नई गति मिलेगी। कार्यालय में प्रशिक्षित कंप्यूटर ऑपरेटर उपलब्ध रहेंगे, जो सदस्यता अभियान की निगरानी, सोशल मीडिया संचालन, संगठन की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार और नागरिकों से संवाद का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से समिति की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और तकनीक आधारित बनेगी।

समाज को जोड़ने में तकनीक की अहम भूमिका

श्री तिवारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में समाज को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम तकनीक है। इसी उद्देश्य से समिति ने अपने संगठनात्मक कार्यों को आधुनिक स्वरूप देने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से समिति से जुड़ सकें।

उन्होंने समाज के प्रबुद्धजनों, संत-महात्माओं, मातृशक्ति, युवाओं और सनातन प्रेमियों से कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया।

कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक होंगे शामिल

डिजिटल कार्यालय के शुभारंभ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

समिति पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि डिजिटल अध्यक्षीय कार्यालय संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।