मध्य प्रदेश में 41,500 से ज्यादा बच्चों को मिला मुफ्त इलाज, अब जागरूकता और समय पर पहचान पर जोर

एवीएस न्यूज. भोपाल 
क्लेफ्ट (कटे होंठ और तालू) उपचार के क्षेत्र में काम करने वाली प्रमुख गैर-लाभकारी संस्था स्माइल ट्रेन इंडिया ने भारत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्था ने वर्ष 2000 से अब तक देशभर में 8 लाख से अधिक बच्चों की मुफ्त क्लेफ्ट सर्जरी कराने में मदद की है।

मध्य प्रदेश में भी स्माइल ट्रेन इंडिया के 8 सक्रिय साझेदार अस्पतालों के नेटवर्क के माध्यम से अब तक 41,500 से अधिक बच्चों को मुफ्त क्लेफ्ट सर्जरी का लाभ मिल चुका है। संस्था अब केवल इलाज तक सीमित नहीं रहकर क्लेफ्ट की शुरुआती पहचान, जनजागरूकता और समय पर उपचार की जरूरत पर विशेष ध्यान दे रही है।

जागरूकता की कमी बनी सबसे बड़ी चुनौती

हर साल 20 जुलाई को दुनिया भर में विश्व क्लेफ्ट जागरूकता दिवस (World Cleft Awareness Day) मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2025 में स्माइल ट्रेन द्वारा की गई थी, ताकि क्लेफ्ट के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके और इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय के रूप में सामने लाया जा सके।

स्माइल ट्रेन एशिया क्षेत्र की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और रीजनल डायरेक्टर ममता कैरोल ने कहा कि क्लेफ्ट उपचार को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में संस्था ने महत्वपूर्ण प्रगति की है, लेकिन जागरूकता की कमी अभी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि कई परिवारों को यह जानकारी नहीं होती कि क्लेफ्ट का सफल इलाज संभव है। इसके अलावा सामाजिक भ्रांतियां और डर भी इलाज में देरी का कारण बनते हैं। यदि समय पर जागरूकता बढ़ाई जाए तो हर बच्चे तक सही समय पर उपचार पहुंचाया जा सकता है।

भारत में हर साल जन्म लेते हैं करीब 25 हजार क्लेफ्ट बच्चे

आंकड़ों के अनुसार भारत में हर साल लगभग 25,000 बच्चे क्लेफ्ट (कटे होंठ या कटे तालू) के साथ जन्म लेते हैं। जागरूकता की कमी, गलत जानकारी और सामाजिक भेदभाव के कारण कई बच्चों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता।

इलाज में देरी होने पर बच्चों को दूध पीने, खाना खाने, बोलने और सुनने में परेशानी के साथ-साथ कुपोषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। समय पर पहचान और सर्जरी से बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य और सामान्य जीवन जीने में मदद मिलती है।

सर्जरी के साथ संपूर्ण उपचार पर जोर

स्माइल ट्रेन इंडिया बच्चों को केवल सर्जरी ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर भी काम करती है। इसके तहत बच्चों को: पोषण सहायता,स्पीच थेरेपी,दांतों और जबड़ों से जुड़ा ऑर्थोडॉन्टिक उपचार,आवश्यक चिकित्सा देखभालजैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

संस्था स्थानीय सर्जनों, एनेस्थेटिस्ट, नर्सों और क्लेफ्ट उपचार विशेषज्ञों को प्रशिक्षण और सहयोग भी देती है, ताकि बच्चों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और मुफ्त इलाज मिल सके।

जागरूकता अभियान को मिला समर्थन

विश्व क्लेफ्ट जागरूकता दिवस के अवसर पर स्माइल ट्रेन इंडिया के साझेदार अस्पतालों, दानदाताओं, ब्रांड एंबेसडरों, क्लेफ्ट से प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों सहित कई लोगों ने जागरूकता अभियान में भाग लिया।

संस्था ने माता-पिता, स्वास्थ्यकर्मियों, नीति निर्माताओं, मीडिया और आम लोगों से अपील की है कि वे क्लेफ्ट के बारे में जागरूकता बढ़ाने, समय पर पहचान और इलाज को प्रोत्साहित करने तथा इससे जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने में सहयोग करें।

मुफ्त क्लेफ्ट उपचार या अधिक जानकारी के लिए स्माइल ट्रेन इंडिया की टोल-फ्री हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है: 1800 103 8301