जेनरजाइज़ ने मध्य प्रदेश में बढ़ाया कारोबार, भोपाल और इंदौर समेत चार शहरों में शुरू किया परिचालन
वर्ष 2027 तक 5,000 से अधिक ग्राहकों तक पहुंचने का लक्ष्य, रूफटॉप सोलर बाजार में बढ़ेगी कंपनी की पकड़
एवीएस न्यूज. भोपाल
भारतीय पावर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी जेनरजाइज़ (Zenergize) ने मध्य प्रदेश में अपने परिचालन के विस्तार की घोषणा की है। कंपनी ने राज्य में अपनी विकास यात्रा की शुरुआत भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर से की है। इस विस्तार के साथ जेनरजाइज़ ने मध्य भारत में अपनी मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
कंपनी का फोकस राज्य में तेजी से बढ़ रही रूफटॉप सोलर और स्वच्छ ऊर्जा समाधानों की मांग को पूरा करना है। मध्य प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ राज्य बन रहा है, जहां आवासीय और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के बीच सोलर ऊर्जा अपनाने की रुचि लगातार बढ़ रही है।
सोलर ऊर्जा को मिल रहा बढ़ावा
कंपनी के अनुसार, पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, बढ़ती बिजली खपत, स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता और सरकार की अनुकूल नीतियों के कारण रूफटॉप सोलर बाजार में तेजी आई है। इस योजना के तहत देशभर में आवासीय सोलर सिस्टम को बढ़ावा मिला है और मई 2026 तक 40 लाख से अधिक घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं।
भोपाल और इंदौर में बड़ी संभावनाएं
जेनरजाइज़ के अनुसार, भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जैसे शहरों में रूफटॉप सोलर के लिए अभी भी बड़ी संभावनाएं मौजूद हैं। इन शहरों में आने वाले वर्षों में डिस्ट्रिब्यूटेड सोलर ऊर्जा के प्रमुख बाजार बनने की क्षमता है।
हर साल बड़ी संख्या में धूप वाले दिनों और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की बढ़ती जरूरत के कारण मध्य प्रदेश सौर प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बन रहा है।
2027 तक 5 हजार ग्राहकों तक पहुंचने का लक्ष्य
जेनरजाइज़ के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत डागा ने कहा कि मध्य प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसरों के दौर में प्रवेश कर रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में उपभोक्ताओं के बीच बिजली खर्च कम करने और टिकाऊ ऊर्जा समाधान अपनाने की रुचि तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी का विस्तार राज्यभर में भरोसेमंद और उच्च प्रदर्शन वाली सौर ऊर्जा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
कंपनी ने वर्ष 2027 के अंत तक मध्य प्रदेश में 5,000 से अधिक ग्राहकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
इंटेलिजेंट सोलर टेक्नोलॉजी पर रहेगा जोर
इस विस्तार के तहत जेनरजाइज़ अपने: इंटेलिजेंट सोलर इन्वर्टर, एआई आधारित मॉनिटरिंग समाधान, डिस्ट्रिब्यूटर नेटवर्क EPC साझेदारों सेवा इंजीनियरों के नेटवर्क का विस्तार करेगी।
कंपनी स्थानीय चैनल पार्टनर्स और इंस्टॉलेशन विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक मजबूत क्षेत्रीय इकोसिस्टम तैयार करेगी, जिससे ग्राहकों को सोलर सिस्टम की सलाह, इंस्टॉलेशन और लंबे समय तक रखरखाव जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
हैदराबाद क्षेत्र से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद जेनरजाइज़ ने मध्य प्रदेश में विस्तार का फैसला लिया है। कंपनी को उम्मीद है कि यह कदम राज्य में स्वच्छ ऊर्जा अपनाने की रफ्तार को और बढ़ावा देगा।






