एवीएस न्यूज.भोपाल 


मध्य प्रदेश राज्य कृषि मंडी बोर्ड भोपाल द्वारा प्रदेश की विभिन्न मंडियों में कार्यरत करीब 1500 अधिकारी-कर्मचारियों को उच्च पद प्रभार दिए जाने पर संयुक्त संघर्ष मोर्चा मंडी बोर्ड ने प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।

मोर्चा ने मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम, अपर संचालक अनुराग सक्सेना, झानिया मैडम, सहायक संचालक योगेश नागले और रश्मि कश्यप के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। 


संयुक्त संघर्ष मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित ने बताया कि मोर्चा के संयोजक बीबी फौजदार, संतोष सिंह दीक्षित, अंगिरा प्रसाद पांडे, नैन सिंह सोलंकी, रामवीर किरार और वीरेंद्र नरवरिया के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों से मंडी बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों को उच्च पद प्रभार एवं पदोन्नति दिए जाने की मांग की जा रही थी।


उन्होंने बताया कि मोर्चा के प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश की विभिन्न मंडियों में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी, चपरासी, चौकीदार, लिपिक, लेखपाल और इंजीनियर सहित लगभग 1500 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भी समय-समय पर कर्मचारियों और अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ देने की बात कही गई थी। सरकार के प्रयासों से प्रदेश के विभिन्न विभागों में पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ी है, जिससे कर्मचारियों को उनके अधिकार और बेहतर सेवा अवसर प्राप्त हो रहे हैं।  


इस अवसर पर मंडी कर्मचारी महासंघ के योगेश यादव, पंकज मिश्रा, उमेश सकवार, संतोष महाजन और सदानंद कापसे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभी ने मंडी बोर्ड प्रबंधन का स्वागत करते हुए प्रबंध संचालक को गुलदस्ता भेंट किया और शाल-श्रीफल से अभिनंदन किया। मंडी बोर्ड प्रबंधन ने शेष रह गए कर्मचारियों को भी नियमानुसार उच्च पद प्रभार के लिए आवेदन करने का अवसर देने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।