इंटरनेशनल कैमेस्ट्री ओलम्पियाड में भारत का परचम, 4 में से 3 गोल्ड मैडल एलन स्टूडेंट्स ने जीते
एवीएस न्यूज.कोटा
इंटरनेशनल ऑफिशियल ओलम्पियाड्स में भारत का मान बढ़ाते हुए एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है। 58वें इंटरनेशनल कैमेस्ट्री ओलम्पियाड (आईसीएचओ) 2026 में भारतीय टीम के चार में से तीन गोल्ड मैडल एलन के विद्यार्थियों ने हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ भारत ने 93 देशों में चीन और वियतनाम के साथ संयुक्त रूप से रैंक-1 स्थान प्राप्त किया है।
उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 10 से 19 जुलाई तक आयोजित आईसीएचओ-2026 के फाइनल में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में शामिल एलन के क्लासरूम स्टूडेंट्स कक्षा 11 के देबदत्ता प्रियदर्शी, हर्षित सिंगला और कक्षा 12 के कबीर छिल्लर ने गोल्ड मैडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। कबीर छिल्लर ने जेईई-एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल की थी, जबकि देबदत्ता प्रियदर्शी एलन कोटा में जेईई-एडवांस्ड की तैयारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को बधाई दी है।
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के सीईओ नितिन कुकरेजा ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एलन की नहीं, बल्कि पूरे देश की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पिछले 27 वर्षों में इंटरनेशनल कैमेस्ट्री ओलम्पियाड में भारत का यह सबसे श्रेष्ठ प्रदर्शन है। साथ ही पहली बार किसी एक इंस्टीट्यूट के तीन विद्यार्थियों ने एक ही ओलम्पियाड में गोल्ड मैडल हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि एलन स्टूडेंट्स अब तक विभिन्न ऑफिशियल इंटरनेशनल ओलम्पियाड्स में 191 मैडल जीत चुके हैं, जिनमें 93 गोल्ड, 75 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मैडल शामिल हैं। आईसीएचओ-2026 में 93 देशों के 363 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई) के अनुसार भारत पिछले 27 वर्षों से इस ओलम्पियाड में भाग ले रहा है और इस वर्ष का प्रदर्शन अब तक का सर्वश्रेष्ठ रहा है।
चार चरणों में हुआ चयन
इंटरनेशनल कैमेस्ट्री ओलम्पियाड के लिए चयन प्रक्रिया चार चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन कैमेस्ट्री (एनएसईसी) का आयोजन इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स (आईएपीटी) ने किया, जिसमें एलन के 189 विद्यार्थियों का चयन हुआ। दूसरे चरण इंडियन नेशनल कैमेस्ट्री ओलम्पियाड (आईएनसीएचओ) में एलन के 16 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। इसके बाद ओरिएंटेशन कम सिलेक्शन कैंप (ओसीएससी) के माध्यम से भारत की चार सदस्यीय टीम चुनी गई, जिसमें तीन विद्यार्थी एलन के रहे। अंतिम चरण में भारतीय टीम के सभी चारों सदस्यों ने गोल्ड मैडल हासिल किए।
इंटरनेशनल ओलम्पियाड में एलन का शानदार रिकॉर्ड
एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने अब तक विभिन्न इंटरनेशनल ओलम्पियाड्स में 191 पदक हासिल किए हैं। इनमें 93 गोल्ड मैडल शामिल हैं। एलन विद्यार्थियों ने इंटरनेशनल जूनियर साइंस ओलम्पियाड, इंटरनेशनल फिजिक्स ओलम्पियाड, इंटरनेशनल कैमेस्ट्री ओलम्पियाड, इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलम्पियाड, इंटरनेशनल मैथेमेटिकल ओलम्पियाड सहित कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए सफलता हासिल की है।
भारत की युवा शक्ति दुनिया भर में अपनी छाप छोड़ रही
58वें इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में गोल्ड मेडल जीतने पर देबदत्ता प्रियदर्शी, हर्षित सिंघल, कबीर चिल्लर और संदीप कुची की टीम को बधाई। इस प्रतिष्ठित मंच पर यह भारत का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था। उनकी काबिलियत, लगन और विज्ञान के प्रति उनके जुनून ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। इससे अनगिनत युवा केमिस्ट्री की पढ़ाई करने और उसमें बेहतर करने के लिए प्रेरित होंगे।






