एवीएस न्यूज . नई दिल्ली
 भारत और ब्रिटेन के बीच हुए व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता - सीईटीए) का उद्योग जगत ने स्वागत किया है।

भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष एवं ब्लू स्टार लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक   वीर एस. आडवाणी ने इसे केवल एक व्यापारिक समझौता नहीं, बल्कि भारत के निर्यातकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), स्टार्टअप्स, विनिर्माण क्षेत्र, पेशेवरों और कृषि क्षेत्र के लिए वैश्विक विस्तार का नया अवसर बताया।


श्री आडवाणी ने कहा कि यह ऐतिहासिक समझौता भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार एवं निवेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा तथा भारतीय उद्योगों को वैश्विक बाजार में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत की वैश्विक आर्थिक विकास यात्रा को और अधिक गति देगा।
उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा इस समझौते से जुड़े सभी हितधारकों को बधाई दी।

श्री आडवाणी ने कहा कि यह समझौता स्पष्ट संदेश देता है कि भारतीय उद्योग अब बड़े लक्ष्य तय करें, वैश्विक स्तर पर सोचें और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएं।