मवेशी चराने गए ग्रामीण पर बाघ का हमला, गर्दन और सिर पर आई गंभीर चोटें
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के मानपुर बफर क्षेत्र की घटना
पीड़ित की हालत खतरे से बाहर, वन विभाग ने जारी की चेतावनी
बिरसिंहपुर पाली, उमरिया/भोपाल।
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के मानपुर बफर क्षेत्र में शनिवार दोपहर बाघ के हमले में एक ग्रामीण घायल हो गया। घायल ग्रामीण मवेशी चराने जंगल गया था तभी घात लगाए बैठे बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर के पीछे और गर्दन पर पंजों से गंभीर चोटें आई हैं। समय रहते वन विभाग की तत्परता से उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल भेजा गया जहां उसकी हालत फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मानपुर उपवनमंडल के मानपुर बफर परिक्षेत्र की खिचकिड़ी बीट में शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे 45 वर्षीय मोतीलाल यादव पिता मुन्ना यादव मवेशी चराने गए थे। इसी दौरान एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल को शासकीय वाहन से तत्काल मेडिकल कॉलेज शहडोल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और चरवाहों से अपील की है कि वे बाघ एवं अन्य हिंसक वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से बचें तथा जंगल में जाते समय पूरी सावधानी बरतें। विभाग ने कहा है कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में अनावश्यक प्रवेश से मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व प्रबंधन ने की अपील
बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व प्रबंधन ने लोगों से वन विभाग के सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।






