विश्व साइकिल दिवस पर उमरिया में 3 जून को ‘उमरिया साइक्लोथॉन-2026’, युवाओं में बढ़ेगी फिटनेस और पर्यावरण जागरूकता
एवीएस न्यूज.उमरिया/ भोपाल
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 3 जून 2026 को उमरिया जिले में ‘उमरिया साइक्लोथॉन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह 5 किलोमीटर का गैर-प्रतिस्पर्धी साइक्लोथॉन कार्यक्रम मेरा युवा भारत (माई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उमरिया के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के प्रति जागरूकता फैलाना तथा आमजन को फिटनेस के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, हालांकि इसमें सभी आयु वर्ग के साइकिल प्रेमी भाग ले सकेंगे।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने जानकारी देते हुए बताया कि साइक्लोथॉन का शुभारंभ 3 जून की सुबह 6 बजे स्थानीय स्टेडियम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है तथा सभी विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन न केवल युवाओं में फिटनेस को बढ़ावा देगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित परिवहन को लेकर भी सकारात्मक संदेश देगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी जिला युवा अधिकारी उमाशंकर त्रिवेदी से मोबाइल नंबर 8920706966 पर संपर्क कर सकते हैं।






