विजय नगर, लालघाटी स्थित महामृत्युंजय मंदिर में: श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भक्ति रसधारा, “नंद घर आनंद भयो” से गूंजा महामृत्युंजय मंदिर परिसर
एवीएस न्यूज.भोपाल
विजय नगर, लालघाटी स्थित महामृत्युंजय मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और नंद उत्सव की भक्ति भावनाओं में सराबोर हो गए।
कथा के दौरान समुद्र मंथन, मत्स्य अवतार, वामन अवतार और भगवान श्रीराम के अवतार प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग की मनोहारी झांकी प्रस्तुत होते ही “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई और बच्चों को खिलौने एवं टॉफियां वितरित की गईं। इस अवसर पर माखन-मिश्री का प्रसाद भी बड़ी संख्या में भक्तों को बांटा गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत है और भागवत कथा समाज में नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करती है।
समिति के उपाध्यक्ष नंदलाल मोतियानी ने बताया कि यह श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ स्व. कन्हैयालाल सबधाणी की प्रथम पुण्यतिथि की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथावाचिका साध्वी मंजरी प्रिया जी ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब-तब भगवान पृथ्वी पर अवतरित होकर धर्म की स्थापना करते हैं। उनके कथन ने श्रद्धालुओं को गहराई से भावविभोर कर दिया।
झांकी में वासुदेव की भूमिका में आनंद सबधाणी तथा नंद-यशोदा की भूमिका में मनोज वर्मा और बबीता वर्मा ने प्रभावी प्रस्तुति दी। पूरी कथा के दौरान भक्ति संगीत और जयघोषों ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में अशोक गुप्ता, नानक परवानी, कैलाश शर्मा, कमल प्रेमचंदानी, मनोज वर्मा, अशोक टिलवानी, सरला नागदेव, विनोद थावानी, सुंदर किशनानी, नंदलाल मोतियानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।






