एवीएस न्यूज. मुंबई 


ज़ी टीवी का ‘जगद्धात्री’ अपनी अलग और दिलचस्प कहानी की वजह से दर्शकों का पसंदीदा फिक्शन शो बन चुका है। अब शो ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ‘जगद्धात्री’ ने सफलतापूर्वक 200 एपिसोड्स पूरे कर लिए हैं।

इतना ही नहीं, शो लगातार टीआरपी चार्ट्स पर भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। यह कहानी जगद्धात्री, यानी सोनाक्षी बत्रा के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो घर में एक सीधी-सादी और भोली लड़की की तरह नजर आती है। परिवार, खासकर उसकी मां और अब सास, अक्सर उसे कम आंकते हैं और गलत व्यवहार करते हैं।

 

दर्शकों को सबसे ज्यादा जिस बात ने जोड़ा है, वह है जगद्धात्री की दोहरी जिंदगी और उसके किरदार की अलग-अलग परतें। घर में वह चुपचाप सारी जिम्मेदारियां संभालती है, लेकिन घर के बाहर वह एक निडर और तेज-तर्रार ऑफिसर है, जो मुश्किल मामलों को पूरी समझदारी और हिम्मत से सुलझाती है।

खासकर महिला दर्शकों ने उसके सफर और जज़्बाती संघर्षों से खुद को गहराई से जोड़ा है, क्योंकि कई महिलाएं अपनी जिंदगी में ऐसी परिस्थितियों से गुजरती हैं, जहां वे प्रोफेशनल लाइफ में मजबूत और आत्मविश्वासी होने के बावजूद घर में कम आंकी जाती हैं। जगद्धात्री के किरदार की यही दमदार परतें और शो की नई सोच वाली कहानी दर्शकों के दिलों को छू गई है, जिसकी वजह से इसे भरपूर प्यार और सराहना मिल रही है।


शो के 200 एपिसोड्स पूरे होने पर अपनी खुशी और आभार जाहिर करते हुए लीड एक्टर्स सोनाक्षी बत्रा और फरमान हैदर ने इस खास सफर को लेकर अपने जज़्बात साझा किए।
‘जगद्धात्री’ में मुख्य किरदार निभा रहीं सोनाक्षी बत्रा कहती हैं, “‘जगद्धात्री’ के 200 एपिसोड्स पूरे होना हमारी पूरी टीम के लिए एक बेहद खूबसूरत उपलब्धि है। सबसे खास बात यह है कि आज भी हमारे सेट पर वही उत्साह और एनर्जी है, जो शूट के पहले दिन थी। इसका बड़ा श्रेय हमारी टीम के लीडर्स, डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स और चैनल की क्रिएटिव टीम को जाता है, जो लगातार अपने सपोर्ट, सोच, मेहनत और पॉजिटिविटी से हमें आगे बढ़ाते रहते हैं।

उनके साथ-साथ हर कलाकार और टेक्निकल टीम का हर सदस्य, मेकअप और हेयर आर्टिस्ट्स से लेकर स्पॉट दादाओं तक, सभी पूरे जुनून और टीमवर्क के साथ काम करते हैं। यही वजह है कि आज ‘जगद्धात्री’ वहां पहुंचा है जहां वह खड़ा है। हमारे राइटर्स भी शानदार काम कर रहे हैं।

कहानी में आने वाले ट्विस्ट्स और टर्न्स, साथ ही असरदार और शार्प डायलॉग्स दर्शकों को लगातार जोड़े रखते हैं और उन्हें कहानी से जज़्बाती तौर पर जोड़ते हैं। लेकिन सच कहूं, तो असली ताकत और वह एनर्जी जो हमें हर दिन आगे बढ़ाती है, वह है दर्शकों का लगातार मिलता प्यार, आशीर्वाद और सपोर्ट। आपका प्यार हमें हर दिन अपना बेस्ट देने की प्रेरणा देता है। 


निजी तौर पर कहूं तो मैंने पहले दिन से ही ‘जगद्धात्री’ को निभाना खूब एंजॉय किया है। इस किरदार ने मुझे खामोशी में मजबूती, मुश्किल हालात में हिम्मत और जिंदगी की चुनौतियों के सामने डटकर खड़े रहने की ताकत सिखाई है। सेट पर मिलने वाली पॉजिटिव वाइब और एनर्जी शूट के हर दिन को यादगार और एक्साइटिंग बना देती है। एक टीम के तौर पर हम इस शो को एक चैलेंज की तरह लेते हैं। हम किसी और से नहीं, बल्कि खुद से मुकाबला करते हैं। शायद यही वजह है कि हर एपिसोड के साथ हम खुद को बेहतर बनाने, सीखने और आगे बढ़ने की कोशिश करते रहते हैं।

यह हमारे लिए लगातार आगे बढ़ने की एक यात्रा है। मैं 200 को 2000 तक जाते हुए देखना चाहती हूं, और पूरे दिल से यही मैनिफेस्ट कर रही हूं। मेरी बस यही उम्मीद है कि दर्शकों का यही प्यार और सपोर्ट बना रहे, एपिसोड्स का यह सफर बढ़ता रहे और मैं भी एक एक्टर के तौर पर लगातार आगे बढ़ती रहूं। हमारी ज़िंदगी और हमारे घरों का हिस्सा बनाने के लिए आपका दिल से धन्यवाद। ‘जगद्धात्री’ देखते रहिए!”


शिवाय का किरदार निभा रहे फरमान हैदर कहते हैं, “सच कहूं तो ‘जगद्धात्री’ अब तक मेरे करियर की सबसे यादगार यात्राओं में से एक रही है। मैंने सालों में कई शोज़ किए हैं, लेकिन इस शो और खासकर शिवाय के किरदार में कुछ बहुत अलग और खास है। मुझे शिवाय की सबसे अच्छी बात यह लगती है कि उसके अंदर हमेशा एक पॉजिटिव सोच रहती है। चाहे कैसी भी परिस्थिति हो, वह हमेशा अच्छाई, शांति और उम्मीद को चुनता है। कहीं ना कहीं वही सोच अब मेरी निजी जिंदगी में भी दिखने लगी है।

इस किरदार को निभाना सिर्फ एक्टर के तौर पर मजेदार नहीं रहा, बल्कि इसने मुझे जज़्बाती तौर पर भी बहुत कुछ सिखाया है। 200 एपिसोड्स पूरे करना बेहद शानदार महसूस हो रहा है और इस पूरे सफर में दर्शकों से मिले बिना शर्त प्यार के लिए मैं दिल से शुक्रगुजार हूं। उनका सपोर्ट ही हमें हर दिन और बेहतर करने की प्रेरणा देता है। मैं बस यही चाहता हूं कि ‘जगद्धात्री’ आगे भी लोगों के दिलों को छूता रहे और आने वाले सालों में ऐसे ही नए मुकाम हासिल करता रहे।”


आने वाले एपिसोड्स में दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा, जहां जगद्धात्री और शिवाय नए ड्रग डीलिंग केस की जांच शुरू करेंगे। रुद्र, यानी आयुष श्रीवास्तव इस गैरकानूनी कारोबार का मास्टरमाइंड है और वह इसके लिए तपस्या का इस्तेमाल कर रहा है। जगद्धात्री की टीम तपस्या, यानी येशा हरसोरा को लोकेशन पर देखती है और उसे नया ड्रग डीलर मान लेती है। लेकिन जगद्धात्री जानती है कि असली गुनहगार रुद्र है, तपस्या नहीं। अब उसे बहुत समझदारी से इस केस को सुलझाना होगा और रुद्र के खिलाफ पक्के सबूत जुटाकर उसका सच सबके सामने लाना होगा।
हर दिन आने वाले नए ट्विस्ट्स और दमदार ड्रामे का मजा लेने के लिए देखते रहिए ‘जगद्धात्री’, रोज रात 10 बजे, सिर्फ ज़ी टीवी पर!