भेल कर्मचारी संगठनों ने आर्टिजन के लिए मांगा 29,500 रुपए वेतनमान
हेवू , हेस्टू और भेक्टु के पदाधिकारी भेल महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र
एवीएस न्यूज, भोपाल।
बीएचईएल, भोपाल में गुरुवार को जेसीएम पात्रधारी एवं मान्यता प्राप्त यूनियनों-हेवू भारतीय मजदूर संघ, हेस्टू (एचएमएस) एवं भेक्टु (सीआईटीयू) के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टीयू सिंह से भेंट कर कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान हेवू भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री कमलेश नागपुरे, हेस्टू (एचएमएस) के महासचिव हेमंत सिंह, भेक्टु (सीआईटीयू) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सादिक खान सहित सभी यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में इन मुद्दों पर दिया जोर
प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त आर्टिजन कर्मचारियों को समेकित वेतन के स्थान पर संशोधित वेतनमान ए3 ग्रेड 29,500 और डीए प्रदान किए जाने की प्रमुख मांग रखी। साथ ही कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मजबूती से उठाया गया। बैठक में प्रमुख रूप से सेफ्टी शूज़ की शेष राशि-सेफ्टी गिफ्ट, कार्यस्थलों पर डेजर्ट कूलर एवं रेस्ट रूम की व्यवस्था, रविवार को किए गए अतिरिक्त कार्य का नगद भुगतान, इंसेंटिव एवं रिवॉर्ड स्कीम में सुधार, चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, आश्रितों के हितों की सुरक्षा, अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन लाभ, भर्ती प्रक्रिया में सुधार, वेंडर भुगतान व्यवस्था में संशोधन तथा यूनिफार्म संबंधी सुविधाओं की मांगें उठाई गईं।
कार्यस्थल की दशा सुधारने की मांग
कैंटीन सुविधाओं के अंतर्गत कैंटीन को सेंट्रलाइज्ड एसी युक्त करने, रोटी बनाने की नई मशीन लगाने, प्रशिक्षित कुक की भर्ती करने तथा आधुनिक किचिन विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। बोनस संबंधी मांग के अंतर्गत कर्मचारियों को पीपी बोनस 60,000 रुपए प्रदान किए जाने की मांग की गई। महाप्रबंधक (मानव संसाधन) द्वारा सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना गया एवं सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया। यूनियनों ने प्रबंधन से मांग की है कि कर्मचारियों की इन सभी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने के लिए जेसीएम बैठक जल्द बुलाई जाए, ताकि कर्मचारियों को न्यायोचित लाभ प्राप्त हो सके।

