सांची ने बढ़ाए दूध के दाम, आम आदमी की जेब पर असर दूध महंगा, घी-पनीर-दही ने भी बढ़ाया महंगाई बोझ
एवीएस न्यूज.भोपाल
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। रसोई गैस, सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के बाद अब दूध भी महंगा हो गया है। अमूल और मदर डेयरी के बाद मध्य प्रदेश के प्रमुख सहकारी दुग्ध ब्रांड सांची ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 15 मई 2026 से लागू होंगी। वहीं अमूल दूध की कीमतें 14 मई से बढ़ गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब उपभोक्ताओं को प्रति लीटर दूध पर 2 से 3 रुपए अधिक चुकाने होंगे।
राजधानी भोपाल में भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने विभिन्न श्रेणी के दूध के दामों में बढ़ोतरी कर दी है।

नई दरें लागू होने के बाद आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट और बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है। भोपाल सहकारी दुग्ध संघ द्वारा जारी नई दरों के अनुसार फुल क्रीम दूध (गोल्ड) 500 एमएल 34 रुपए से बढ़कर 35 रुपए हो गया है। फुल क्रीम दूध (गोल्ड) 1 लीटर 67 रुपए से बढ़कर 70 रुपए, स्टैंडर्ड दूध (शक्ति) 500 एमएल 31 रुपए से बढ़कर 32 रुपए, डबल टोंड दूध (स्मार्ट) 500 एमएल 26 रुपए से बढ़कर 27 रुपए और चाह दूध 1 लीटर जो 60 रुपए था वह बढ़कर 62 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
आम लोगों पर बढ़ेगा आर्थिक दबाव
दूध रोजमर्रा की जरूरत का सबसे अहम खाद्य पदार्थ माना जाता है। ऐसे में लगातार बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच अब दूध पर अतिरिक्त खर्च घर के मासिक बजट को प्रभावित करेगा।
डेयरी उत्पाद भी हो सकते हैं महंगे
विशेषज्ञों का मानना है कि दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आने वाले समय में दही, पनीर, घी और मिठाइयों जैसे अन्य दुग्ध उत्पादों पर भी दिखाई दे सकता है। डेयरी क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार पशु आहार महंगा होना , परिवहन लागत बढ़ना, उत्पादन खर्च में वृद्धि और गर्मी के कारण दूध उत्पादन प्रभावित हुआ है जिस कारण से दूध कंपनियों को कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं।
उपभोक्ताओं में नाराजगी
दूध के बढ़े दामों को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। दूध हर घर की दैनिक जरूरतों का अहम हिस्सा है। सुबह की चाय, बच्चों के नाश्ते और रसोई के कई काम दूध पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में दाम बढ़ने से परिवारों के मासिक बजट पर सीधा असर पड़ने की आशंका है। भोपाल समेत प्रदेशभर में उपभोक्ताओं के बीच इस फैसले को लेकर चिंता देखने को मिल रही है।
दूध के बाद अब डेयरी उत्पाद महंगा
दूध के दाम बढ़ने के बाद बाजार में दुग्ध उत्पादों की कीमतों में भी तेजी की आशंका जताई जा रही है। डेयरी क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार घी के दाम में प्रति किलो 40 से 80 रुपए, पनीर 20 से 30 रुपए प्रति किलो एवं दही ,मक्खन की कीमतों में भी इजाफा हो गया है।
मिठाई और डेयरी आधारित खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ने की संभावना
डेयरी कारोबारियों का कहना है कि घी, मावा और पनीर महंगे होने से मिठाई कारोबार पर भी असर दिखाई देने लगा है। कई दुकानदारों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में मिठाइयों के दाम भी बढ़ सकते हैं। लोगों का कहना है कि सरकार को आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमत नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उत्पादन लागत और सप्लाई संबंधी दबाव कम नहीं हुए तो आने वाले महीनों में दुग्ध उत्पादों की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

