कलेक्टर राखी सहाय ने मानपुर जनपद पंचायत के विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण
एवीएस न्यूज, भोपाल/उमरिया।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने मानपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
ग्राम बरबसपुर में 30 लाख रुपये की लागत से बन रहे सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसे जून माह से पूर्व पूर्ण किया जाए। साथ ही बाउंड्रीवाल का कार्य भी समानांतर रूप से कराने को कहा गया।
इसके बाद ग्राम ताला में 10 एकड़ क्षेत्र में 38 लाख 4 हजार 400 रुपये की लागत से निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया गया। यहां 100 मवेशियों के लिए आवासीय व्यवस्था, चारा, भूसा एवं पेयजल की सुविधा विकसित की जा रही है। कलेक्टर ने चारे-भूसे के क्षेत्र को ऊंचा करने के निर्देश दिए ताकि मवेशियों को किसी प्रकार की चोट न लगे। साथ ही नव-निर्मित नाद से हो रहे जल रिसाव को देखते हुए उसे पुनः गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण करने के निर्देश भी दिए।
मानपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में 41.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं, ऑडिटोरियम एवं मेस का अवलोकन किया। निर्माण कार्य धीमा पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय का लाभ शीघ्र विद्यार्थियों को मिल सके।
इसी क्रम में कलेक्टर ने कन्या शिक्षा परिसर का भी निरीक्षण किया और छात्रावास, मेस, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की। इस परिसर में 492 जूनियर एवं सीनियर छात्राओं के आवास एवं अध्ययन की व्यवस्था की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, सीईओ मानपुर अंकित सिरोठिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

