एवीएस न्यूज, भोपाल/उमरिया।


कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम सेहरा पहुंचकर प्रगणक द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रगणक मीना सिंह द्वारा दन्ना पाल एवं तुलई पाल के मकान सूचीकरण की एंट्री कलेक्टर के समक्ष एचएलओ ऐप के माध्यम से की गई। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली और निर्धारित प्रारूप के अनुसार सही एवं पूर्ण विवरण संकलित करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर शासन विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करता है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ किया जाए, ताकि वास्तविक एवं अद्यतन आंकड़े प्राप्त हो सकें।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी संवाद किया और उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें, जिससे क्षेत्र का सटीक आंकलन सुनिश्चित हो सके।


इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, जनपद सीईओ अंकित सिरोठिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।