जून 26 में समाप्त हो जाएगा मौजूदा कमेटी का कार्यकाल

एवीएस न्यूज, भोपाल।

बीएचईएल में 4 वर्ष बाद होने वाले संयुक्त समिति (जॉइंट कमेटी), प्लांट एवं शॉप काउंसिल चुनाव को लेकर कर्मचारी संगठनों में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में एआईबीईयू ने समय पर चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ कराने की मांग को लेकर बीएचईएल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन बीएचईएल कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली में निदेशक (पॉवर एवं मानव संसाधन) तजिंदर गुप्ता को बीएचईएल भोपाल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं कार्यपालक निदेशक के माध्यम से प्रेषित किया गया। 
ज्ञापन महासचिव रामनारायण गिरी के नेतृत्व में अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष सोनी, कोषाध्यक्ष विशाल वाणी,उपाध्यक्ष रोहित कुमार एवं कार्यालय मंत्री योगेश देवस्कर ने सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान संयुक्त समिति का 4 वर्षीय कार्यकाल जून 2026 में समाप्त होने जा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों के लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को बनाए रखने, औद्योगिक सौहार्द्र कायम रखने तथा प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद जारी रखने के लिए समय पर चुनाव कराना आवश्यक है। संगठन ने मांग की कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से निर्धारित समय पर संपन्न कराई जाए, ताकि कर्मचारियों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके और संगठनात्मक व्यवस्था मजबूत बनी रहे।