एसबीआई कर्मचारियों की 25-26 मई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल, बैंकिंग सेवाएं होंगी प्रभावित
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अवार्ड स्टाफ एम्पलाईज यूनियन भोपाल सर्कल के महासचिव प्रवीण मेंघानी के नेतृत्व में दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान
एवीएस न्यूज.भोपाल
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अवार्ड स्टाफ एम्पलाईज यूनियन भोपाल सर्कल के महासचिव प्रवीण मेंघानी के नेतृत्व में भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 मई 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। यह हड़ताल राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन द्वारा घोषित की गई है।
महासचिव मेंघानी ने बताया कि कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित और वैध मांगों को लेकर बैंक प्रबंधन को कई बार मौखिक एवं लिखित प्रतिवेदन दिए गए। इसके बावजूद प्रबंधन द्वारा कोई सकारात्मक पहल नहीं किए जाने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
यूनियन का कहना है कि लंबे समय तक संवाद और शांतिपूर्ण प्रयासों के बाद भी जब समाधान नहीं निकला, तब कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
फेडरेशन ने बैंक प्रबंधन के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं, जिनमें संदेशवाहकों और सशस्त्र गार्डों की तत्काल भर्ती, वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए इंटर सर्किल ट्रांसफर सुविधा, स्थायी नौकरियों की आउटसोर्सिंग पर रोक, कर्मचारियों के बीच समानता सुनिश्चित करना तथा पर्याप्त संख्या में नई भर्ती शामिल हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय पेंशन योजना के कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प देने और चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना में सुधार की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है।
महासचिव प्रवीण मेंघानी ने भोपाल सर्कल के सभी अवार्ड स्टाफ कर्मचारियों से हड़ताल में पूर्ण भागीदारी निभाने की अपील की है।
साथ ही उन्होंने ग्राहकों और आम जनता से भी सहयोग एवं समर्थन देने का आग्रह किया है। हड़ताल के चलते 25 और 26 मई को देशभर में भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।

