एम्स के सामने हादसे वाली इमारत पर चली जेसीबी, अवैध निर्माण ढहाया
मार्च में छज्जा गिरने से मची थी अफरा-तफरी
एवीएस न्यूज, भोपाल।
राजधानी के एम्स अस्पताल के सामने निर्माणाधीन भवन का छज्जा गिरने के हादसे के बाद करीब सवा माह बाद नगर निगम अमले ने बुधवार को तीन मंजिला इमारत के अवैध हिस्से को जेसीबी से ढहा दिया। अतिक्रमण अमले ने पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचकर भवन अनुज्ञा शाखा से स्वीकृत नक्शे से अधिक किए गए निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
उल्लेखनीय है कि 27 मार्च को इसी निर्माणाधीन इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया था। एम्स अस्पताल के सामने स्थित यह करीब 35 साल पुराना भवन है, जिसके भूतल पर मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था। इसके ऊपर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण कराया जा रहा था। हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण किया था, जिसमें भवन अनुज्ञा से अधिक निर्माण किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद भवन का सर्वे कराया गया और आंशिक हिस्सा अवैध घोषित किया गया।
बुधवार को निगम अमले ने अवैध हिस्से को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी मशीनों से ऊपरी मंजिलों और अतिरिक्त निर्माण को तोड़ा गया। अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र भदौरिया ने बताया कि जिस भवन का छज्जा गिरने से लोग घायल हुए थे, उसमें स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण पाया गया था। भवन अनुज्ञा शाखा द्वारा भू-स्वामी को नोटिस जारी किया गया था, उसके बाद कार्रवाई की गई।

