कलेक्टर ने निर्माणाधीन पंचायत भवनों का किया निरीक्षण , समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
एवीएस न्यूज. भोपाल/ उमरिया
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने करकेली विकासखंड के विभिन्न निर्माणाधीन पंचायत भवनों एवं बहुउद्देशीय भवनों का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यों में गति लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने करकेली विकासखंड में 27.76 लाख रूपये से निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य बंद पाया गया। इस पर उपयंत्री आरईएस अनिल इनवाती ने बताया कि मार्च माह से निर्माण कार्य बंद है। स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संबंधित ठेकेदार कमलेश सिंह को दो दिवस के भीतर बुलाकर कार्य पुनः प्रारंभ कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंचायत भवन करकेली में संचालित शासकीय योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत भवनों को ग्रामीणों के लिए सुगम एवं उपयोगी बनाया जाए तथा सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम कौडिया-63 में लगभग 37.49 लाख रुपये की लागत से बन रहे पंचायत भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भवन के हॉल एवं विभिन्न कक्षों का निर्माण प्रगति पर पाया गया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच,कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन तथा निर्माण प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती सहाय ने ग्राम बरही एवं कौडिया-63 में पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन बहुउद्देशीय भवनों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भवनों में हॉल एवं विभिन्न कक्ष निर्मित पाए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवनों का उपयोग स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भवनों का समयबद्ध उपयोग प्रारंभ कराया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए, कार्यस्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखी जाए तथा निर्माण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, सीईओ जनपद पंचायत करकेली ऋषभ शुक्ला सहित पीआईयू एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

