व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा- मप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड से व्यापारियों को मिलेगा बड़ा सहारा
मध्य प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड बनने से व्यापारियों को होगा लाभ
एवीएस न्यूज..भोपाल
मध्य प्रदेश में राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन को कैबिनेट की मंजूरी से व्यापारियों में उत्साह है। प्रस्तावित व्यापारी कल्याण बोर्ड को लेकर व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उनका कहना है कि इस बोर्ड के गठन से प्रदेश के लाखों व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा। बोर्ड व्यापारिक हितों के संरक्षण, समस्याओं के त्वरित निराकरण और सरकार के साथ सीधा संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे व्यावसायिक बाधाएं दूर होंगी और सुगमता बढ़ेगी।
व्यापारिक संगठनों ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही बोर्ड का गठन कर उसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, ताकि प्रदेश के व्यापारियों को इसका पूरा लाभ मिल सके।

सरकार और व्यापारियों के बीच संवाद मजबूत होगा
लंबे समय से व्यापारी वर्ग एक ऐसे मंच की मांग कर रहा था, जहां उनकी समस्याओं को सुनकर नीतिगत स्तर पर समाधान किया जा सके। व्यापारी कल्याण बोर्ड बनने से सरकार और व्यापारियों के बीच संवाद मजबूत होगा। बोर्ड के गठन से व्यापारिक माहौल बेहतर होगा और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, कर संबंधी समस्याओं और नियमों में जटिलताओं को भी कम करने में मदद मिलेगी।
तेजकुलपाल सिंह पाली
पूर्व अध्यक्ष, भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज

आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा
इस बोर्ड के जरिए व्यापारियों को बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा छोटे और मध्यम व्यापारियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे उनका व्यवसाय और अधिक सशक्त होगा।
राजेश जैन
पूर्व मंडी डायरेक्टर, मंडी बोर्ड मप्र

व्यापारी की आवाज सीधे शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचेगी
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की कैबिनेट द्वारा मध्यप्रदेश में व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन के ऐतिहासिक निर्णय का हम समस्त व्यापारीगण हृदय से स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हैं। एमएसएमई प्रदेश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। वर्षों से व्यापारियों को व्यापार संवर्धन एवं विभिन्न व्यापारिक समस्याओं के समाधान के लिए एक समर्पित मंच की आवश्यकता थी। मुख्यमंत्री द्वारा बोर्ड की अध्यक्षता करना यह सुनिश्चित करता है कि व्यापारी की आवाज सीधे शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचेगी और त्वरित निराकरण होगा।
शैलेंद्र गुप्ता
उपाध्यक्ष, लोहा व्यापारी एवं निर्माता संघ भोपाल

प्रदेश के युवाओं,स्टार्टअप्स के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध
निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक जिले में कमेटी गठन का निर्णय आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और वोकल फॉर लोकल अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती देगा। इससे प्रदेश के छोटे-बड़े सभी व्यापारी, कारीगर एवं उद्यमी वैश्विक बाजार से जुड़ सकेंगे। निश्चित रूप से इससे नव रोजगार का सृजन होगा और प्रदेश के युवाओं,स्टार्टअप्स के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
आरके बामोरिया, कारोबारी

व्यापारियों और सरकार के बीच एक सीधा और मजबूत संवाद तंत्र स्थापित होगा : ढालिया
मध्य प्रदेश में व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन से प्रदेश के छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह बात चेंबर ऑफ कॉमर्स भोपाल के सदस्य भगवान दास ढालिया ने कही। ढालिया ने कहा कि व्यापारी कल्याण बोर्ड बनने से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से हो सकेगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा। इससे व्यापारियों को शासन स्तर पर योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि लंबे समय से व्यापारी वर्ग इस तरह के बोर्ड की मांग कर रहा था, जो अब पूरी होने से व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। साथ ही छोटे व्यापारियों को भी सुरक्षा, मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त होगा। ढालिया ने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम व्यापारियों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

प्रदेश को डिजिटल एवं औद्योगिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर होगा साबित
सूचना प्रौद्योगिकी निवेश को प्रोत्साहन, स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क स्वैन की स्थापना एवं आईटी -इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के लिए 1,295 करोड़ 52 लाख की राशि स्वीकृत करने का निर्णय प्रदेश को डिजिटल एवं औद्योगिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे भोपाल सहित पूरे प्रदेश के व्यापारी, एमएसएमई , ट्रेडर्स और स्टार्टअप्स को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सीधा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश व्यापार, उद्योग एवं डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा एवं विकसित मध्यप्रदेश विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करेगा।
अजय देवनानी
उपाध्यक्ष, न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति

