भेल के कार्यपालक निदेशक उपाध्यान ने जानकारी देते हुए कहा- ऑर्डर और मुनाफे में जोरदार उछाल
भोपाल यूनिट ने 2024-25 में 4,278 करोड़ का टर्नओवर हासिल किया
1 अप्रैल 2026 तक कंपनी को कुल ऑर्डर 2.40 लाख करोड़ रुपए से अधिक का मिला है


एवीएस न्यूज, भोपाल
 भारत हेवी इलेक्टि्रकल लिमिटेड (भेल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में मजबूत वित्तीय और परिचालन प्रदर्शन दर्ज करते हुए उल्लेखनीय वृद्धि हासिल की है। कंपनी की यह प्रगति ऑर्डर प्रवाह में तेजी, बेहतर निष्पादन और सभी व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ी लाभप्रदता का परिणाम है। कॉर्पोरेट स्तर पर भेल का परिचालन राजस्व 2024-25 के 28,339 करोड़ रुपए से बढ़कर 2025-26 में 33,782 करोड़ रुपए हो गया, जो करीब 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। उक्त जानकारी बीएचईएल के कार्यपालक निदेशक पीके उपाध्‍याय ने आयोजित प्रेसवार्ता में दी। इस मौके पर टीयू सिंह, महाप्रबंधक (मा.सं.), आरके अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम) एवं उपेंद्र कुमार सिंह, अपर महाप्रबंधक (प्रचार एवं जनसंपर्क)  मुख्य रूप से मौजूद रहे। 
उपाध्याय ने भारत हेवी इलेक्टि्रकल लिमिटेड भोपाल यूनिट की उपलब्धियां के बारे में बताया कि भेल के कर पूर्व लाभ में भी बड़ा उछाल आया और यह 725 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,116 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि कर पश्चात लाभ 513 करोड़ रुपए रहा, जो बीते वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है। उपाध्‍याय ने बताया कि भोपाल यूनिट ने 2024-25 में 4,278 करोड़ का टर्नओवर हासिल किया था। भोपाल प्लांट में 30,000 एमवीए प्रति वर्ष की क्षमता के साथ पावर ट्रांसफार्मर का निर्माण किया जा रहा है। उपाध्याय ने भोपाल यूनिट की उपलब्धियों तथा अर्जित लाभ के लिए सभी को बधाई दी। साथ ही एसएम रामनाथन के प्रभावी और कुशल नेतृत्‍व की प्रशंसा करते हुए कहा कि यूनिट की इस उपलब्धि का श्रेय श्री रामनाथन को जाता है ।  


- 2026-27 के लिए 75,916 करोड़ रुपए के नए ऑर्डर प्राप्त हुए
 इस मौके पर निदेशक एसएम रामनाथन ने बताया कि भेल को 2026-27 वर्ष के दौरान 75,916 करोड़ रुपए के नए ऑर्डर प्राप्त हुए, जिससे उसकी ऑर्डर पाइपलाइन और मजबूत हुई है। 1 अप्रैल 2026 तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक 2.40 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गई, जो भविष्य की बेहतर संभावनाओं की ओर संकेत करती है। वहीं उन्‍होंने बताया कि वित्‍त वर्ष 2026-27  के निर्धारित 4716 करोड़ रुपए का लक्ष्‍य भी भोपाल यूनिट को मिला है, जो निश्चित रूप से प्राप्‍त करेगा और इसके लिए सभी कर्मचारी प्रतिबद्ध हैं। 


-2025-26 में 4,647 करोड़ रुपए का कारोबार किया
भेल भोपाल इकाई का कारोबार 2024-25 के 4,277 करोड़ रुपए से बढ़कर 2025-26 में 4,647 करोड़ रुपए हो गया। कर पूर्व लाभ 272 करोड़ रुपए से बढ़कर 581 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जबकि नकद संग्रह 4,364 करोड़ रुपए से बढ़कर 5,530 करोड़ रुपए हो गया। भोपाल इकाई को वर्ष के दौरान 7,861 करोड़ रुपए के ऑर्डर प्राप्त हुए, जो पिछले वर्ष के 6,312 करोड़ रुपए से अधिक हैं। 1 अप्रैल 2026 तक इकाई की ऑर्डर बुक 14,710 करोड़ रुपए रही।


88 ट्रांसफार्मर और रेक्टिफायर चालू किए
परिचालन स्तर पर इकाई ने 88 ट्रांसफार्मर और रेक्टिफायर चालू किए। साथ ही, भारत के पहले 500 एमवीएसी, 400/220/33 केवी आईसीटी को बिना ओएलटीसी के सफलतापूर्वक चालू कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यूनिट की अल्ट्रा-हाई-वायर (यूएचवी) प्रयोगशाला को एनएबीएल प्रत्यायन का पुनः प्रमाणन भी मिला, जो दिसंबर 2029 तक वैध रहेगा।


भेल भोपाल इकाई को मिले कई पुरस्कार  
उपलब्धियों के क्रम में भोपाल इकाई को प्लैटिनम श्रेणी में ईईपीसी गुणवत्ता पुरस्कार 2025 और ईटी गवर्नमेंट पीएसयू लीडरशिप एंड एक्सीलेंस गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही, एलपीजी और फर्नेस ऑयल के स्थान पर पीएनजी के उपयोग से पर्यावरणीय स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जिसके लिए यूनिट को सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा परियोजना पुरस्कार भी मिला।