मुख्यमंत्री जल आवर्धन योजना में बिना बैंक गारंटी जमा कराए ही दे दिया 16 करोड़ रुपए का ठेका
मंडीदीप नपा में ठेकदार के साथ मिलकर किया करोड़ का गमन
मुख्यमंत्री जल आवर्धन योजना में बिना बैंक गारंटी जमा कराए ही दे दिया 16 करोड़ रुपए का ठेका
नीतेश पटेल, मंडीदीप/भोपाल
मंडीदीप नगर पालिका में वित्तीय वर्ष 2016-2017 में नगर की पेयजल योजना जिसकी लागत करीब 16 करोड़ थी। पाइप लाइन का काम भोपाल की कंपनी मेसर्स पंड्या एसोसिएट ने लिया, जिसमें तय मापदंडों के मुताबिक ठेका होने के बाद बैंक गारंटी जमा नहीं हुई और एक पेमेंट को दो बार ठेकदार के खाते में डाल कर जमकर कमीशन का खाया। इसमें पूर्व सीएमओ, लेखपाल, इंजीनियर समेत नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष भी शक के घेरे में है, जिनके द्वारा यह कृत्य किया। नगर पालिका में इस योजना में एक और बड़ा घोटाला तब हुआ जब आवर्धन योजना के आए पाइप, एल्बो, टी, मोटर समेत 5 करोड़ के माल को गोलमाल कर दिया, जिसके उपरांत ये योजना अधर में अटक गई। यही नहीं इस योजना में नगर पालिका के आधे दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने मिलकर चांदी काटी और अपनी जेब भरे।
यह है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री जलावर्धन योजना के अंतर्गत दाहोद जलाशय से मंडीदीप शहर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 16 करोड़ रुपए की लागत से कार्य स्वीकृत किया गया था। इस कार्य का ठेका भोपाल की मेसर्स पंड्या टेक्नोलॉजी प्रा. लिमिटेड को दिया गया। बाद में बिना पर्याप्त पारदर्शिता के इस परियोजना की लागत में करीब 2 करोड़ रुपए की वृद्धि भी कर दी गई, जो अपने आप में संदेह पैदा करती है। निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा पाइप खरीदी के नाम पर 12 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि की मांग की गई, जिसे नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों ने बिना ठोस जांच या तकनीकी सत्यापन के मंजूर कर दिया। इसके बाद कार्य के साथ-साथ भुगतान की प्रक्रिया भी चलती रही। मामले ने गंभीर रूप तब लिया जब एक ही बिल के एवज में 87 लाख 57 हजार रुपए का दोहरा भुगतान कर दिया गया। नगर पालिका के द्वारा गौहरगंज कोर्ट में ठेकेदार के खिलाफ तलवाना जारी करने के लिए अर्जी लगाई है, जिससे फरार ठेकदार से पैसा वसूली में कानूनी प्रक्रिया में लाया जाए।
कोर्ट में चल रहा मामला
मेरा स्वास्थ्य ठीक नहीं है मैने स्वयं रिटायरमेन्ट ले लिया। इस विषय में जानकारी आपको पूर्व इंजीनियर डी आदित्य कुमार देंगे। बाकी मामला कोर्ट में चल रहा है। आपको इसकी जानकारी मिल जाएगी
राजेश श्रीवास्तव, पूर्व सीएमओ नगर पालिका मंडीदीप।
पेमेंट वापस लेने के प्रयास जारी
जल आवर्धन योजना में ठेकदार को डबल पेमेंट का मामला कोर्ट में लंबित है, जो भी इसमें दोषी होगा उस पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ठेकदार से पेमेंट लेने के लिए हमारे द्वारा हर प्रयास किए जा रहे है।
प्रियंका राजेंद्र अग्रवाल, नपा अध्यक्ष, मंडीदीप।
कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई होगी
पूर्व में नपा के पेमेंट की अनियमितता का मामला कोर्ट में लंबित है, उसमें जो भी जवाबदार अधिकारी शामिल थे उनपर क्या कार्रवाई होगी ये कोर्ट के आदेश पर निर्भर है। इसमें अपने स्वयंविवेक से कुछ भी कहने में सक्षम नहीं हुं।
डॉ. प्रशांत जैन, सीएमओ नपा,मंडीदीप।

