भेल में 5 दिनी पूर्ण अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का सिंह ने किया शुभारंभ
अपने सभी कार्य हिंदी में करने पर दिया जोर
एवीएस न्यूज, भोपाल
बीएचईएल, भोपाल में आज पांच दिवसीय पूर्ण अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ टीयू सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने किया। इस अवसर पर केन्द्रीय अनुवाद ब्यूरो से आए संकायद्वय मोहन चन्द्र बहुगुणा, सहायक निदेशक (केन्द्रीय अनुवाद ब्यूरो) एवं गौतम शर्मा, सहायक निदेशक (केन्द्रीय अनुवाद ब्यूरो), सुरेखा बंछोर, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), पूनम साहू, प्रबंधक (राजभाषा) उपस्थित थीं ।
टीयू सिंह ने कहा कि हम सभी ‘क’ क्षेत्र में आते हैं अत: हमें अपना प्रत्येक कार्य हिंदी में ही करना चाहिए साथ ही हमें अपनी भाषा एवं संस्कृति पर गर्व होना चाहिए। इस प्रशिक्षण के बाद आप सभी को अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाना है। आप जो भी कार्य करें हिंदी में करें। हिंदी भाषा में आनंद है, क्योंकि यह सीधे दिल से निकलती है। हम सभी को न केवल अपने जीवन में अपितु अपने कार्यस्थल पर भी अनुशासन का पालन करना चाहिए। बहुगुणा ने कहा कि वैश्वीकरण के बढ़ते हुए व्यापार वाणिज्य में दिन-प्रतिदिन होते परिवर्तन व विकास को देखते हुए भाषाओं का महत्व और भी बढ़ जाता है। कार्यालयीन कार्य में अनुवाद कार्य करना एक कला जैसा है । इस कार्य को करने से आपके काम में बदलाव आएगा। तदुपरांत डॉ. शर्मा ने कहा कि इन प्रशिक्षणों से प्ल्रांट स्तर पर अनुवाद कार्य करने में सहायता मिलती है। हिंदी के प्रचार प्रसार के साथ-साथ अपनी इकाई को भी नई उंचाईयों पर ले जाएंगे।

