कलेक्टर राखी सहाय ने समय सीमा बैठक में की सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा
किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी: राखी सहाय
एवीएस न्यूज. भोपाल/ उमरिया
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समयसीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग लंबित शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
लापरवाही स्वीकार नहीं
उन्होंने मुख्यमंत्री निवास, आयुक्त शहडोल संभाग कार्यालय से प्राप्त आवेदनों, जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, मानवाधिकार संबंधी पत्रों एवं फैक्ट न्यूज मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग की शिकायतों के निराकरण में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी
विभिन्न विभागों की अधिकारियों के समय पर नहीं पहुंचने पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए समय पर अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभाग जिनकी सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों में कमजोर प्रगति है उन पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट सुधार लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए विभाग प्रमुख रोहित जैन सहित सभी अधिकारियों को निर्देशित
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कर्मचारी द्वारा शिकायत संबंधी जानकारी समयसीमा बैठक में प्रस्तुत न कर पाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए विभाग प्रमुख रोहित जैन सहित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यालय छोड़ने से पूर्व अनिवार्य रूप से लिखित अनुमति प्राप्त करें, अन्यथा कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर द्वारा समस्याओं के निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया
बैठक में कलेक्टर द्वारा वन विभाग से संबंधित समस्याओं के निराकरण पर भी विशेष जोर दिया गया तथा सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, वनमंडलाधिकारी विवेक सिंह,अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीताराम सत्या, संयुक्त कलेक्टर रीता डेहरिया,अमित सिंह, एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी,एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह,एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
माह के प्रथम कार्य दिवस कि वंदेमातरम गायन के साथ की गई शुरूआत
एवीएस न्यूज. भोपाल/ उमरिया
कलेक्ट्रेट परिसर में माह के प्रथम कार्य दिवस पर आयोजित होने वाले पारंपरिक “वंदे मातरम्” गायन कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की उपस्थिति में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। श्रीमती राखी सहाय ने सभी को समय की पाबंदी, अनुशासन एवं अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से न केवल राष्ट्रभक्ति की भावना प्रबल होती है, बल्कि कार्यालयीन कार्य संस्कृति में भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर रीता डेहरिया,एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह, एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले सहित जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

