वित्तवर्ष 2026 में 3,823 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज हुई, जो 66 प्रतिशत वृद्धि के साथ अब तक की सबसे अधिक कुल आय है।
•    वित्तवर्ष 2026 में एडजस्टेड ग्रॉस मार्जिन (एजीएम) बढ़कर 925 करोड़ रुपये हो गया, जो साल-दर-साल 116 प्रतिशत ज्यादा है। वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में एजीएम 309 करोड़ रुपये रहा, जो साल-दर-साल 149 प्रतिशत अधिक है। 
•    वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में ईबीआईटीडीए मार्जिन 2.5 प्रतिशत के सुधार के साथ साल-दर-साल 2080 बीपीएस अधिक दर्ज हुआ। 


एवीएस न्यूज. नई दिल्ली


 भारत के प्रमुख इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माताओं में से एक, एथर एनर्जी ने वित्तवर्ष 2026 में अब तक की सबसे जबरदस्त परफॉर्मेंस दर्ज की है। कंपनी के वॉल्यूम, बाजार में हिस्सेदारी और राजस्व में शानदार वृद्धि के साथ ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंटरेस्ट, टैक्स, डेप्रिसिएशन, एमॉर्टाईज़ेशन) नुकसान में काफी कमी आई है। 
कंपनी ने वित्तवर्ष 2026 में 69 प्रतिशत साल-दर-साल वृद्धि करते हुए 2,62,942 स्कूटर बेचे, वहीं चौथी तिमाही में 76 प्रतिशत की सालाना बढ़ोत्तरी दर्ज करते हुए कंपनी के 83,418 स्कूटर बिके। जहां वित्तवर्ष 2026 में ईबीआईटीडीए मार्जिन में साल-दर-साल 1630 बीपीएस का सुधार हुआ, वहीं चौथी तिमाही में इसमें 2080 बीपीएस का सुधार दर्ज हुआ। इससे प्रदर्शित होता है कि कंपनी का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और यह संचालन की मजबूत स्थिति में है। वित्तवर्ष 2026 में कंपनी ने अपना भौगोलिक विस्तार जारी रखते हुए अपने रिटेल फुटप्रिंट तेजी से बढ़ाए। एथर के फैमिली स्कूटर रिज़्टा ने लगातार मजबूत प्रदर्शन किया। इस साल कंपनी का रिटेल नेटवर्क बढ़कर लगभग दोगुना हो गया। 
एथर के एक्सपीरियंस सेंटर वित्तवर्ष 2025 में 351 से बढ़कर वित्तवर्ष 2026 के अंत तक 700 तक पहुँच गए।

वित्तवर्ष 2026 में कंपनी ने अपना सर्विस नेटवर्क भी 548 सर्विस सेंटर्स तक बढ़ा लिया, जो वित्तवर्ष 2025 के मुकाबले लगभग दोगुना है। इससे एथर के लगातार बढ़ते हुए ग्राहकों को बेहतर सर्विस प्रदान करने में मदद मिली। इस साल एथर के चार्जिंग ईकोसिस्टम में भी काफी विस्तार हुआ। कंपनी ने अपने ग्राहकों को एल.ई.सी.सी.एस द्वारा पॉवर्ड 6,000 से अधिक चार्जिंग पॉईंट उपलब्ध कराए, जिससे यह नेटवर्क इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स के लिए भारत का सबसे बड़ा फास्ट चार्जिंग नेटवर्क बन गया। 


भारत में एथर का बाजार अंश बढ़ाने में रिज़्टा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सबसे ज्यादा वृद्धि मध्य भारत में दर्ज हुई, जहाँ बाजार अंश एक साल पहले 9.5 प्रतिशत के मुकाबले वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में बढ़कर 17.3 प्रतिशत हो गया। शेष भारत में कंपनी की बाजार में हिस्सेदारी वित्तवर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 6.5 प्रतिशत के मुकाबले वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में बढ़कर 12.1 प्रतिशत हो गई। सबसे अधिक मजबूत प्रदर्शन दक्षिण भारत में देखने को मिला, जहाँ वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी ने अपनी लीडरशिप बनाए रखते हुए 23.5 प्रतिशत का बाजार अंश दर्ज किया।

एथर एनर्जी के को-फाउंडर एवं सीईओ, तरुण मेहता ने कहा, ‘‘हमारे लिए वित्तवर्ष 2026 वॉल्यूम, बाजार में हिस्सेदारी और वित्तीय प्रदर्शन के लिहाज से एक बहुत अच्छा साल रहा है। हमने अपने बेहतरीन स्कूटरों के साथ मांग बढ़ाने पर अपना ध्यान केंद्रित किया और अपनी वितरण क्षमता का विस्तार किया। रिज़्टा ने हमें विभिन्न बाजारों में प्रवेश करने में समर्थ बनाया, जिससे हमारे रिटेल नेटवर्क का विस्तार हुआ। इस मांग ने वॉल्यूम में जबरदस्त वृद्धि की, जिससे प्रति यूनिट इकॉनॉमिक्स में भी सुधार आया।  
 

वित्तवर्ष 2026 का वित्तीय प्रदर्शन
31 मार्च, 2026 को समाप्त हुए वित्तवर्ष में एथर ने 66 प्रतिशत साल-दर-साल वृद्धि के साथ 3,823 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की। वित्तवर्ष 2026 में सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन, चार्जिंग, एक्सेसरीज़, स्पेयर और सर्विस जैसे अन्य स्रोतों से मिलने वाला राजस्व कुल आय का 13 प्रतिशत रहा, जिससे एथर के ईकोसिस्टम में लगातार वृद्धि प्रदर्शित होती है।
वित्तवर्ष 2026 में 925 करोड़ रुपये का एडजस्टेड ग्रॉस मार्जिन (एजीएम) दर्ज हुआ है, जो सालाना आधार पर 116 प्रतिशत अधिक है। मार्जिन साल-दर-साल 500 बीपीएस के सुधार के साथ कुल आय का 24 प्रतिशत हो गया। इसमें शानदार इलेक्ट्रिक स्कूटरों, वैल्यू इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर से मिलने वाले बढ़ते राजस्व और यूनिट इकॉनॉमिक्स में लगातार होते सुधार का मुख्य योगदान है। वित्तवर्ष 2026 में सप्लाई चेन में कई संकट आए। जारी भू-राजनैतिक तनावों के कारण कमोडिटी की लागत अनिश्चित और कुछ समय के लिए लगातार बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन खरीद को स्थिर बनाए रखने और इंजीनियरिंग एवं लागत में ऑप्टिमाईज़ेशन पर ध्यान केंद्रित करने के कारण एथर ने वित्तवर्ष 2026 में स्थिर प्रदर्शन किया और मार्जिन में लगातार सुधार किया।


वित्तवर्ष 2026 में ईबीआईटीडीए नुकसान में काफी कमी आई और यह वित्तवर्ष 2025 में 531 करोड़ के मुकाबले वित्तवर्ष 2026 में घटकर 257 करोड़ रुपये रह गया। वहीं मार्जिन साल-दर-साल 1630 बीपीएस के सुधार के साथ 6.7 प्रतिशत से बढ़कर 23 प्रतिशत दर्ज हुआ। इसमें ऑपरेटिंग लेवरेज और अनुशासित कॉस्ट मैनेजमेंट का मुख्य योगदान रहा। इस अवधि के लिए नुकसान साल 2025 में 812 करोड़ रुपये की तुलना में घटकर 517 करोड़ रुपये रह गया। लॉस मार्जिन 35 प्रतिशत से सुधरकर 14 प्रतिशत हो गया, जिससे प्रदर्शित होता है कि कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।
 

वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही का वित्तीय प्रदर्शन
31 मार्च, 2026 को समाप्त हुई तिमाही में एथर एनर्जी ने साल-दर-साल 76 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए कुल 83,418 स्कूटर बेचे, जिसमें इस तिमाही जोड़े गए 100 एक्सपीरियंस सेंटर्स तथा 700 एक्सपीरियंस सेंटर्स के विस्तृत रिटेल नेटवर्क का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसकी बदौलत कंपनी की कुल आय 76 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि करते हुए 1,214 करोड़ रुपये पर पहुँच गई। इलेक्ट्रिक स्कूटर के अलावा, अन्य स्रोतों से मिलने वाला राजस्व भी लगातार बढ़ता रहा। चौथी तिमाही में 93 प्रतिशत ग्राहकों ने एथरस्टैक प्रो को चुना, जिससे एथर के सॉफ्टवेयर पर आधारित ईकोसिस्टम की बढ़ती पसंद प्रदर्शित होती है।


वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में एडजस्टेड ग्रॉस मार्जिन ने जबरदस्त सुधार दर्ज किया। यह 700 बेसिस पॉईंट के सुधार के साथ 25 प्रतिशत हो गया, जबकि वित्तवर्ष 2025 की चौथी तिमाही में यह केवल 18 प्रतिशत था। वित्तवर्ष 2026 की चौथी तिमाही में ईबीआईटीडीए मार्जिन में 2,080 बीपीएस का सुधार हुआ और यह घटकर 2.5 प्रतिशत रह गया। ईबीआईटीडीए नुकसान 30 करोड़ रुपये रहा। इस सुधार में लगातार बढ़ते वॉल्यूम, ऑपरेटिंग लेवरेज और यूनिट इकॉनॉमिक्स में लगातार मिलते लाभ की मुख्य भूमिका रही।