दिल्ली में 4 मंजिला बिल्डिंग में आग, 9 की मौत:कुछ के सिर्फ कंकाल मिले; 10 से 15 लोग बचाए गए, AC में ब्लास्ट की आशंका
एवीएस न्यूज . नई दिल्ली
दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में एक चार मंजिला बिल्डिंग में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान 10 से 15 लोगों को बचाया गया। इनमें दो लोग घायल हुए हैं।

शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत के 5-6 फ्लैट्स में फैली थी। लोगों के शव अलग-अलग फ्लोर से बरामद हुए हैं। पहले फ्लोर से एक शव, दूसरे फ्लोर से 5 और तीन शव तीसरे फ्लोर की सीढ़ियों पर मिले हैं। इन सीढ़ियों का मेन गेट लॉक था। कुछ शव कंकाल हालत में मिले हैं।
डीसीपी ने कहा कि 10 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर आई थीं। करीब 15 लोगों को बालकनी और खिड़कियों के जरिए बाहर निकाला गया। जिनमें से दो लोगों को हल्की चोटें आईं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इमारत के पिछले हिस्से में लगी थी आग : डीएफएस
डीएफएस अधिकारी मुकेश वर्मा ने बताया कि सुबह 3:47 बजे इमारत में आग लगने की सूचना मिलते ही हमारी दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। इमारत में चार मंजिलें हैं और हरेक मंजिल पर 4BHK फ्लैट हैं। इमारत के पिछले हिस्से में आग लगी थी। इसीलिए वहीं, ज्यादा मौतें हुईं। खिड़कियों पर सेफ्टी ग्रिल लगी हुई थीं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं।
बिल्डिंग की तीन फ्लोर से 9 शव बरामद किए गए
बिल्डिंग की तीन फ्लोर से 9 शव बरामद किए गए हैं, जिन्हें दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम को सौंप दिया है। हमने लगभग 15 लोगों को बचाया। इनमें से एक व्यक्ति का शरीर लगभग 30% जल गया था, जिसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग लगने का कारण फिलहाल साफ नहीं है।
8 मृतकों के नाम...
शिखा जैन (45 साल)
अनिता जैन (58 साल)
निशांत जैन (35 साल)
अंचल जैन (33 साल)
नितिन जैन (50 साल)
शैली जैन (48 साल)
समयंक जैन (25 साल)
अरविंद लाल (60 साल)
एक शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।

