10 मई तक चलाया जा रहा हेलमेट विशेष चैकिंग अभियान 
26 से 30 अप्रैल तक भोपाल पुलिस ने कुल-2229 चालान बनाया
5,34,300 रुपए समन शुल्क के रूप में जमा कराया

शिवनारायण सोनी,  भोपाल।
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश में बढ़ते सड़क हादसों और दोपहिया चालकों की लापरवाही को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) के निर्देश पर हेलमेट विशेष चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की, साथ ही बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन तक की कार्रवाई के लिए भी वाहन चालकों को समझाइश दी। यह चैकिंग अभियान 10 मई तक चलाया जाएगा। 26 से 30 अप्रैल तक भोपाल पुलिस ने कुल-2229 चालान बनाया, साथ 5,34,300 रुपए समन शुल्क के रूप में जमा कराया गया। इनमें 1305 चलान के हेलमेट धारण नहीं करने वाले वाहन चालक के है। वहीं शुक्रवार को भी करीब 270 बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले लोगों पर चलानी कार्रवाई की गई।
राजधानी भोपाल में शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर बिना हेलमेट पहने वाले दो पहिया वाहन चालकों को रोका और उन्हें समझाइश दी, साथ ही चालानी कार्रवाई भी की। शुक्रवार शाम को भेल क्षेत्र के गोविंदपुरा थाना के सामने पुलिस टीम ने बैरिकेड्स लगाकर बिना हेलमेट वाले वाहन चालकों को रोक और चालान बनाया। इस दौरान कई वाहन चालक पुलिस द्वारा हेलमेट चैकिंग देख कर यहां-वहां से भागते नजर आए। कई वाहन चालकों को पुलिस ने दौड़ कर पकड़ा और सड़क हादसे से बचने के लिए हेलमेट पहनने के लिए समझाइश भी दी। इधर, रायसेन रोड पिपलानी में भी पुलिस ने चैकिंग पॉइंट बनाया और बिना हेलमेट पहने वाहन चला रहे दो पहिया वाहन चालकों को रोका और चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए बहाना बनाने लगे तो कुछ अपनी जान-पहचान बताकर कार्रवाई से बचने का प्रयास कर रहे थे। ज्ञात हो कि लगातार सड़क हादसों में बिना हेलमेट पहने वाले वाहन चालकों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद लोग हेलमेट  पहनने के लिए जागरूक नहीं हो रहे हैं। 

चालानी कार्रवाई हेलमेट पहनाने का जरिया
हम वाहन चालकों को दुर्घटना में होने वाली मौते से बचाने के लिए हेलमेट पहने के लिए जागरूक कर रहे हैं, वैसे तो लोगों को स्वयं ही हेलमेट पहन कर वाहना चलाना चाहिए। चालानी कार्रवाई तो मात्र हेलमेट पहन कर वाहन चलाने का जरिया मात्र है। हादसों में सबसे ज्यादा मौतें सिर में चोट लगने से होती है। अगर वाहन चालक हेलमेट पहन कर वाहन चलाएगा तो यह आंकड़ा कम हो सकता है।
बसंत कोल, एडिशनल डीसीपी, भोपाल ट्रैफिक पुलिस