एवीएस न्यूज.भोपाल 


सरकारी पेट्रोलियम कंपनियां आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में तगड़ी बढ़ोतरी की। एक ओर जहां 19 किलो गैस वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 993 रुपए की बढ़ोतरी हुई तो दूसरी तरफ पांच किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमत में 261 रुपए  की बढ़ोतरी हो गई। हालांकि इन कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बढ़ोतरी नहीं की है।


 गौरतलब है कि 19 किलो वाले एलपीजी गैस वाले कमर्शियल सिलेंडर को हलवाई सिलेंडर भी कहा जाता है। सड़क किनारे समोसा-ब्रेड पकौड़ा तलने वाले दुकानदार हो या बड़े-बड़े रेस्टोरेंट या मिठाई की दुकान चलाने वाले दुकानदार इसी गैस सिलेंडर का उपयोग करते हैं। आज से 6 साल पहले मतलब कि एक मई 2020 को इस सिलेंडर के रिफिल का दाम 1,144.50 रुपए था, लेकिन अब मई 2026 में कीमत  3074 रुपए हो गई है।

मतलब कि छह साल में 1925.50 रुपए महंगा हो गया है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार पहले ही महंगाई की मार झेल रहे कारोबारियों के लिए यह बढ़ोतरी मुश्किलें और बढ़ा रही है। आम नागरिकों का भी कहना है कि भले ही यह बढ़ोतरी कमर्शियल सिलेंडर पर हुई है, लेकिन इसका असर रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर दिखना तय है। खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर सेवाओं तक, हर जगह महंगाई का असर महसूस किया जा सकता है। 


 प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शादियां, होटलों पर भी होगा असर
दो महीने की किल्लत के बीच मध्य प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 993 रुपए महंगा हो गया है। भोपाल में 3074 रुपए, इंदौर में 3179 रुपए, जबलपुर में 3290 रुपए, ग्वालियर में 3296 रुपए और उज्जैन में 3241 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। दो महीने में रेट 1248 रुपए बढ़ चुके हैं। कमर्शियल सिलेंडर के रेट ऐसे समय बढ़े हैं, जब होटल, रेस्टोरेंट-ढाबों को जरूरत की 50 प्रतिशत गैस ही मिल रही है। जुलाई तक प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा शादियां होनी हैं, ऐसे में आम लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।


 500 लोगों के 5 लाख रुपए के खाने का बजट पर सीधे 50 हजार की वद्धि
मध्य प्रदेश टेंट कैटर्स एसोसिएशन के रामबाबू शर्मा ने बताया कि सिलेंडर के रेट बढ़ने से होटल और कैटर्स में 10 प्रतिशत तक कॉस्टिंग का फर्क पड़ेगा। 500 लोगों के 5 लाख रुपए के खाने के बजट पर अब 45 से 50 हजार रुपए तक की वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सिलेंडर पर 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी ठीक थी, लेकिन करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी न्याय संगत नहीं है। सरकार को फैसला वापस लेना चाहिए।


होटल एसोसिएशन का बड़ा फैसला, ग्राहकों को ही देना होगा महंगे सिलेंडर का पैसा, रेस्टोरेंट्स में बढ़ेंगे दाम
भोपाल होटल एवं रेस्टोरेंट संघ के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपए की बढ़ोतरी हुई है,  जिसके बाद अब होटल इंडस्ट्री पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। ना केवल होटल इंडस्ट्री बल्कि इसका असर अब आम आदमी की जेब पर भी पड़ने वाला है, क्योंकि भोपाल होटल एसोसिएशन ने फैसला किया है कि वो अब कस्टमर्स से इसके दाम वसूलेंगे।

दरअसल हाल ही में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में हुई बेतहाशा मूल्य वृद्धि के बाद होटल-रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ने के बाद एक फैसला किया है।  एसोसिएशन के अध्यक्ष पाली ने कहाकि सभी रेस्टोरेंट्स और भोजनालयों की कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है। पिछले दो महीनों में हमने आपूर्ति की कमी का सामना किया है। अभी भी एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग 50 फीसदी ही है।  


 कैटरर्स पर एलपीजी कमर्शियल सिलेंडर की डबल मार 
फेडरेशन ऑफ़ एमपी टेंट एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रिंकू भटेजा ने कहा कि दिसंबर 2025 को कमर्शियल सिलेंडर का रेट लगभग 1580 रुपए था जो 4 महीने बाद मई 2026 में लगभग डबल हो गया है अब कमर्शियल सिलेंडर का रेट लगभग 3100 का हो गया है। कैटरर्स वैसे ही परेशान है प्रोग्राम के हिसाब से सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं । अब एक ही महीन के उपरांत लगभग 950 का सिलेंडर पर रेट बढ़ना कैटरर्स पर डबल मार है। फेडरेशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह खनूजा ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि एलजी कमर्शियल सिलेंडर पर बड़े रेट पर सरकार को पुन विचार करना चाहिए।


 चाय-समोसे से लेकर केक-पेस्ट्री तक होगा महंगा
  पांच ​​राज्यों में चुनाव खत्म होने के ठीक दो दिन बाद कमर्शियल सिलेंडर के दाम में हुई मूल्य वृद्धि से अब चाय-समोसे से लेकर केक-पेस्ट्री तक महंगा होगा।  व्यवसायियों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से रेस्टोरेंट्स, ढाबों और होटलों में खाने पकाने पर खर्च बढ़ जाएगा। इससे थाली और स्नैक्स के दाम बढ़ेगें।  शादियों के इस सीजन में इस बढ़ोतरी से मिठाइयों और बेकरी आइटम्स बनाने में खर्च अधिक बैठने से पहले के मुकाबले केक, बिस्किट्स पर अधिक कीमत अदा करनी पड़ेगी। ऑफिस आने-जाने वालों और स्टूडेंट्स के लिए टिफिन सर्विस पर खर्च बढ़ेगा। चाय-समोसे से लेकर चाट-पकौड़े तक के दाम बढ़ेगें।