कलेक्टर राखी सहाय ने गेहूं खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, किसान सुविधाओं पर दिया जोर
एवीएस न्यूज.भोपाल/उमरिया
जिले में जारी गेहूं खरीदी व्यवस्था को अधिक सुचारु और किसान-हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने मानपुर विकासखंड के विभिन्न खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने ग्राम बडेरी स्थित अन्नपूर्णा वेयरहाउस, सेवा सहकारी समिति मर्यादित ददरौड़ी, आदिम जाति सेवा सहकारी केंद्र गढ़पुरी और सेवा सहकारी केंद्र सिगुड़ी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, मौसम को देखते हुए तिरपाल की उपलब्धता तथा तौल कांटों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अन्नपूर्णा वेयरहाउस ददरौड़ी में 1953 क्विंटल गेहूं खरीदी दर्ज की गई, जहां 12,500 बारदानों में से 3,906 का उपयोग हो चुका है और 290 स्लॉट बुकिंग दर्ज पाई गई। वहीं, गढ़पुरी केंद्र में 27 किसानों से 500 क्विंटल गेहूं की खरीदी हुई, जबकि 200 स्लॉट बुकिंग दर्ज की गई। सिगुड़ी केंद्र में अब तक 2078 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अवकाश की सूचना स्पष्ट रूप से प्रदर्शित नहीं होने के कारण कुछ किसान केंद्र पर पहुंच गए थे। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसानों की सहमति से उनके गेहूं को सुरक्षित रखा जाए और अगले खरीदी दिवस पर प्राथमिकता से खरीदी सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने खरीदी स्टॉक का निरीक्षण करते हुए सर्वेयर को निर्देश दिए कि शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही खरीदी प्रक्रिया पूरी की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को उचित मूल्य मिल सके।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सरकार की किसान-हितैषी नीतियों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं, समय पर भुगतान और सरल खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी और जिला आपूर्ति अधिकारी रोहित सिंह भी मौजूद रहे।

