एवीएस न्यूज.भोपाल

राजधानी  में विभिन्न श्रमिक संगठनों सैकड़ों मजदूर, कामगार, कर्मचारी ,अधिकारी जहांगीराबाद स्थित नीलम पार्क भोपाल में एकत्रित हुए। उन्होंने दुनिया के  मेहनतकशों एक हो शिकागो के अमर शहीदों को लाल सलाम अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस जिंदाबाद आदि इंकलाबी नारों के साथ शिकागो के अमर शहीदों को याद किया।

इस मौके पर एटक, सीटू, एआईयूटीयूसी,बैंक, बीमा, केंद्र, राज्य,  बीएसएनएल ,मेडिकल रिप्रजेंटेटिव, पेंशनर्स एसोसिएशंस, हम्माल मजदूर सभा ,आंगनवाड़ी, लेखक, संस्कृति कर्मी, रंगकर्मी, किसान, महिला, छात्र, नौजवान मौजूद रहे। इस दौरान कार्यक्रम स्थल रंग-बिरंगे लाल रंग के पोस्टर्स, बैनर एवं प्ले कार्ड्स से रंगीन एवं कलरफुल नजर आ रहा था। मेहनतकशों की लाल रंग की ड्रेस आकर्षण का केंद्र थी। उत्साही एवं इंकलाबी मेहनतकशों ने  अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस एवं अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर प्रभावी प्रदर्शन किया। 
तत्पश्चात नीलम पार्क के अंदर ही इंकलाबी रैली निकाली जिसमें सैकड़ो मजदूर और कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के पश्चात प्रदर्शन स्थल पर ही एक सभा का आयोजन किया गया।

सभा को विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों वी के शर्मा, एस एस मौर्या, प्रमोद प्रधान, विनोद लोगरिया, यशवंत पुरोहित, दीपक रत्न शर्मा, संजय मिश्रा, आर जी पांडे, पूषण भट्टाचार्य ,भगवान स्वरुप कुशवाह,आदि ने संबोधित किया।

 वक्ताओं ने बताया कि  1 मई 2026 को विश्वभर के श्रमिक मई दिवस की 140वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। इस अवसर पर हम न केवल शिकागो के हेयमार्केट स्क्वायर में हुए श्रमिकों के निर्मम नरसंहार को याद करते हैं, बल्कि उन हमलों का सामना करने के श्रमिक वर्ग के संकल्प को भी स्मरण करते हैं।