अनुभव सिन्हा की ‘अस्सी’ न्याय, खामोशी और समाज को गहराई से परखती है
तापसी पन्नू अभिनीत इस फिल्म को 17 अप्रैल से हिंदी जी 5 पर
एवीएस न्यूज . मुंबई
सिनेमाघरों में अपने प्रदर्शन के दौरान चर्चा का विषय बनने और समीक्षकों से सराहना प्राप्त करने के बाद, अस्सी अब 17 अप्रैल को हिंदी जी 5 पर अपने डिजिटल प्रीमियर के लिए तैयार है। अनुराग सिन्हा द्वारा निर्देशित और बनारस मीडिया वर्क्स तथा टी-सीरीज फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में तापसी पन्नू, मोहम्मद जीशान अय्यूब, कानी कुसरुति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे दमदार कलाकारों की प्रभावशाली टोली नजर आएगी।
एक प्रभावशाली कोर्टरूम ड्रामा, अस्सी एक वकील (तापसी पन्नू) की कहानी है, जो एक भयानक दुष्कर्म मामले को लडऩे का निर्णय लेती है और इस प्रक्रिया में न केवल अपराध, बल्कि उससे जुड़ी व्यवस्था की संवेदनहीनता का भी सामना करती है।
फिल्म का एक सशक्त दृश्य एक भयावह सच्चाई को उजागर करता है एक ही दिन में लगभग 80 दुष्कर्म के मामले दर्ज होना, जो फिल्म की कहानी की गंभीरता और जरूरत को और भी बढ़ा देता है। यह फिल्म एक सर्वाइवर और उसके साथी (कानी कुसरुति और मोहम्मद जीशान अय्यूब) की यात्रा को दर्शाती है, जिनकी जिंदगियां हिंसा के कारण बिखर जाती हैं। वे इस दौरान आघात, समाज के कठोर निर्णय और एक निर्दयी कानूनी व्यवस्था से जूझते हैं। बढ़ती यौन हिंसा और न्याय में देरी की सच्चाई पर आधारित अस्सी उन भावनात्मक और सामाजिक परिणामों पर रोशनी डालती है, जिन पर अक्सर खुलकर बात नहीं होती।
बेहद सच्ची और बेबाक प्रस्तुति के साथ, यह फिल्म अदालत की सीमाओं से आगे बढक़र ऐसे अपराधों की मानवीय कीमत को उजागर करती है वह हिम्मत जिसकी यह मांग करती है और वह खामोशी जिसे यह चुनौती देती है। अपनी ईमानदारी और भावनात्मक गहराई के कारण इसने सिनेमाघरों में दर्शकों के दिलों को छू लिया था, और अब यह ज़ी 5 पर वैश्विक स्तर पर एक व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुँचने के लिए तैयार है।
जी 5 हिंदी की बिजनेस हेड और चीफ चैनल ऑफिसर, कावेरी दास ने कहाकि अस्सी एक ऐसी फिल्म है जो स्वाभाविक रूप से शांत, कठिन, लेकिन बेहद ज़रूरी बातचीत को जन्म देती है। हिंदी जी 5 में हम ऐसी कहानियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं, जो बिना उपदेशात्मक हुए आत्मचिंतन और सार्थक संवाद को प्रेरित करती हैं। हमारा मानना है कि सिनेमा ऐसे क्षणों के लिए जगह बना सकता है, जो स्क्रीन से कहीं आगे जाकर भी लंबे समय तक प्रभाव छोड़ते हैं।
निर्देशक और सह-लेखक अनुभव सिन्हा ने कहा कि अस्सी सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह उस समय का प्रतिबिंब है जिसमें हम जी रहे हैं। हम ऐसी कहानी कहना चाहते थे जो असहज सच्चाइयों से मुंह न मोड़े, साथ ही मानवीय आत्मबल और दृढ़ता पर भी केंद्रित रहे। मुझे खुशी है कि हिंदी जी 5 के साथ यह फिल्म अब और भी व्यापक दर्शकों तक पहुंचेगी और वह सराहना प्राप्त करेगी जिसकी यह हकदार है।
तापसी पन्नू ने कहाकि इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक अभिनेता के तौर पर सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभवों में से एक था। अस्सी देखना आसान नहीं है, लेकिन यह एक बहुत महत्वपूर्ण फिल्म है। यह ऐसी कहानी है जिसे ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ बताया जाना जरूरी था।
मुझे उम्मीद है कि जब यह फिल्म हिंदी ज़ी 5 पर दर्शकों तक पहुंचेगी, तो लोग इसके मकसद और संदेश से जुड़ पाएंगे। अपनी रोमांचक कहानी और दमदार अभिनय के साथ, अस्सी एक सोचने पर मजबूर करने वाली फिल्म है जिसका असर फिल्म खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक दर्शकों के मन में बना रहता है।

