होटल वालों को आदेश के बावजूद भी नहीं मिल रहा कमर्शियल सिलेंडर
प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और पूर्ण कोटा सुनिश्चित करने की मांग की
एवीएस न्यूज..भोपाल
राजधानी भोपाल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतें 195 बढ़कर 2,084 प्रति सिलेंडर (19 किलो) हो गई हैं। युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने से भोपाल में होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट्स को कमर्शियल सिलेंडर मिलने में भारी किल्लत हो रही है। इस संकट के बीच 24 मार्च 2026 से आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन होटल संचालकों के मुताबिक मध्यदेश के 50 हजार से अधिक होटल, रेस्टोरेंट व्यवसाई सिलेंडर के भटक रहे हैं।
भोपाल होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहाकि आदेश मिलने के बावजूद ग्राउंड स्तर पर गैस एजेंसियों द्वारा सप्लाई में देरी की जा रही है, जिसके चलते कतारें लगी हुई हैं। मध्य प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में सरकारी आदेशों के बावजूद होटल-रेस्टोरेंट को कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर आपूर्ति शुरू की गई है, लेकिन मांग के मुकाबले काफी कम (जैसे 20 फीसदी तक) है, जिससे होटल मालिकों को 9 फीसदी की आवश्यकता के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि होटल संचालकों को मजबूरन मेनू छोटा करना पड़ा है और काम के घंटे कम करने पड़े हैं। कई होटल अब लकड़ी और तंदूर के भरोसे चल रहे हैं। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप और पूर्ण कोटा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं अन्य दूसरे व्यापारियों की ओर से इस संकट पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
कहा जा रहा है कि कई होटल अपने ग्राहकों को केवल सूखा नाश्ता या सीमित भोजन ही उपलब्ध करा पा रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि गैस संकट के चलते कई छोटे रेस्तरां और ढाबे अस्थाई रूप से बंद हो गए हैं, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है।

