एवीएस न्यूज. भोपाल

  केंद्रीय श्रमिक संगठनों एवं स्वतंत्र श्रमिक संगठनों ने एक अप्रैल को राजधानी भोपाल सहित देश भर में राष्ट्रव्यापी काला दिवस मनाया गया। राजधानी भोपाल में बुधवार की शाम को सैकड़ों मजदूर ,कामगार, कर्मचारी, अधिकारी, अपने अपने संगठन के झंडा और बैनर्स के साथ इकट्ठे हुए। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी कर प्रभावी प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के पश्चात सभा हुई, जिसे श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी साथी वीके शर्मा, एसएस मौर्या , प्रमोद प्रधान, पूषन भट्टाचार्य, विनोद लोगरिया, यशवंत पुरोहित, दीपक रत्न शर्मा, जेपी झवर, शैलेंद्र कुमार शैली, शैलेंद्र शर्मा, भगवान स्वरूप कुशवाहा आदि ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा चार नई श्रम संहिताओं को बिना किसी सार्थक चर्चा के लागू करने के प्रयास के विरोध में आज प्रदेश सहित देश भर में राष्ट्रव्यापी काला दिवस मनाया जा रहा है। आज मजदूर और कर्मचारियों ने काली पट्टी और काले बैज धारण कर इन चार श्रम संहिताओं का विरोध किया।

उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी 2026 को देशव्यापी हड़ताल के माध्यम से श्रमिकों एवं ट्रेड यूनियनों ने इन श्रम संहिताओं का जोरदार विरोध दर्ज कराया था, इसके बावजूद सरकार इनको लागू करने पर आमादा है।

वक्ताओं ने देश के सभी श्रमिकों, कर्मचारियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों से इस आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है, ताकि संगठन का अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी एवं श्रमिकों के न्यायपूर्ण अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अंत में वक्ताओं ने कहा कि  केंद्रीय श्रमिक संगठनों से वार्ता किए बिना यदि सरकार इन श्रम संहिताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास करेगी तो आने वाले समय में देशभर में आंदोलन को और तेज कर राष्ट्रव्यापी हड़तालें की जाएंगीं।
 

न्यूज़ सोर्स : श्रम संहिताओं का जोरदार विरोध दर्ज कराया था, इसके बावजूद सरकार इनको लागू करने पर आमादा