टाटा पावर के सहयोग से 66 से अधिक डिस्कॉम और ट्रांसमिशन लाइसेंसधारियों के 250 से अधिक लाइनमैन हुए सम्मानित


एवीएस न्यूज. नई दिल्ली
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) द्वारा टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के सहयोग से नई दिल्ली में ‘लाइनमैन दिवस’ का छठा संस्करण मनाया गया। लाइनमैन दिवस मनाने का उद्देश्य लाइनमैनों और ग्राउंड मेंटेनेंस स्टाफ के अथक समर्पण और अमूल्य सेवाओं को मान्यता देना है, जिनका योगदान देशभर में बिजली सेवाओं की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस कार्यक्रम में भारत के विद्युत तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने शिरकत की। विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने मुख्य भाषण दिया और सीईए के अध्यक्ष घनश्याम प्रसाद और सीईए के सदस्यों के साथ बिजली क्षेत्र के वरिष्ठ नेता और गणमान्य हितधारक भी उपस्थित रहे। पूरे भारत की 66 से अधिक सरकारी और निजी बिजली वितरण एवं उत्पादन कंपनियों के साथ-साथ ट्रांसमिशन लाइसेंसधारियों के लगभग 250 लाइनमैनों और पर्यवेक्षकों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।

इस सभा ने प्रतिभागियों के बीच सामूहिक सीखने को बढ़ावा देने के साथ-साथ अनुभव साझा करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने में परिचालन चुनौतियों पर चर्चा करने और सुरक्षा प्रथाओं पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान किया।

इस मौके पर नाइक ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के दौरान मनाया जाने वाला लाइनमैन दिवस, बिजली क्षेत्र के उन फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं के समर्पण को मान्यता देता है जो देशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के निरंतर उपयोग, रख—रखाव कार्य शुरू करने से पहले शटडाउन की उचित पुष्टि और नियमित क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यस्थल पर सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।