भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मिला
गेहूं 2700 रु. प्रति क्विंटल के भाव पर खरीदी करने की मांग, समस्याओं व मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
एवीएस न्यूज.भोपाल
भारतीय किसान संघ के प्रदेश प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं व मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी, खाद, बीज, बिजली, पानी, सिंचाई, उड़द मूंग खरीदी, गिरदावरी, आवारा पशु, नहरों की मरम्मत, राजस्व सहित किसानों के विभिन्न विषयों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।
प्रदेश महामंत्री चंद्रकांत गौर ने बताया कि किसान संघ ने गेहूं की 2700 रुपए प्रति क्विंटल पर खरीदी करने, भूमि अधिग्रहण पर किसानों को बाजार दर का चार गुना मुआवजा देने, गोपालक किसानों को गौशाला के समान अनुदान देने, मंडियों में डाकोज टेस्टिंग मशीन लगाने, 10 टन क्षमता के तौल कांटे लगाने, सहकारी, मंडी व जल समिति के चुनाव कराने, राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, बिजली फोरम गठित करने, भार वृद्धि वापिस लेने, दिन में बिजली देने, पुराने बिजली तार बदलने, सौर ऊर्जा में 100 प्रतिशत अनुदान देने, विकास प्राधिकरण लैंड पुलिंग योजना से भूमि अधिग्रहण न करने, कृषि यंत्रों पर जीएसटी कम कर अनुदान पर उपलब्ध कराने, सभी फसलों की एमएसपी पर खरीदी करने, हार्वेस्टर में एसएमएस की अनिवार्यता समाप्त करने, कैलारस शुगर मिल चालू करने, श्री अन्न का भुगतान आदि अन्य मांगे सरकार व उसके अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
जिस पर सरकार द्वारा सकारात्मक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही तीनों प्रांतों से आए किसान संघ के पदाधिकारियों ने अपने अपने प्रांत की प्रमुख समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
इस मौके पर भारतीय किसान संघ के प्रमुख पदाधिकारियों में क्षेत्र संगठन मंत्री महेश चौधरी, अखिल भारतीय उपाध्यक्ष राम भरोस वासोतिया, अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेन्द्र सिंह पटेल, कार्यकारिणी सदस्य गिरिजा ठाकुर, मालवा प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल, महामंत्री रमेश दांगी, मध्यभारत प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान, महामंत्री शिवनंदन रघुवंशी, महाकौशल प्रांत महामंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, तीनों प्रांत के संगठन मंत्री भरत पटेल, अतुल माहेश्वरी, तुलाराम धीवर, प्रदेश मंत्री आर सी पटेल, प्रदेश कोषाध्यक्ष नवनीत रघुवंशी, दिनेश शर्मा, आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

