प्रदेश के सराफा व्यापारियों को भविष्य में आने वाली विभिन्न व्यावहारिक एवं कानूनी समस्याओं से कराया अवगत


एवीएस न्यूज, भोपाल
होलसेल सराफा व्यापार एवं मध्य प्रदेश प्रांतीय सराफा एसोसिएशन के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के सराफा व्यापारियों को भविष्य में आने वाली विभिन्न व्यावहारिक एवं कानूनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया। प्रमुख रूप से धारा 411, व्यापारियों की आत्म-सुरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस, गिरवी से संबंधित नियम, तथा सराफा व्यापार से जुड़ी अन्य जमीनी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समस्त विषयों को गंभीरता से सुना एवं सराफा व्यापारियों की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझते हुए आश्वासन दिया कि सराफा व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन सभी विषयों पर शीघ्र ही सकारात्मक एवं व्यावहारिक निर्णय लेकर उन्हें क्रियान्वित कराया जाएगा, जिससे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस प्रतिनिधिमंडल में संजीव कुमार गर्ग गांधी (होलसेल सराफा अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश प्रांतीय सराफा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष), अखिलेश मित्तल (सचिव, भोपाल सराफा एसोसिएशन), विजय वर्मा (सचिव, होलसेल सराफा एसोसिएशन), श्री विवेक अग्रवाल, गौरव अग्रवाल (कार्यकारिणी सदस्य, भोपाल सराफा एसोसिएशन), आनंद सोनी (अध्यक्ष, अरेरा कॉलोनी सराफा एसोसिएशन) आदि उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार द्वारा सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए शीघ्र ही ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे मध्य प्रदेश का सराफा व्यापार और अधिक सुरक्षित, संगठित एवं सशक्त बनेगा।