कैट का स्वदेशी जागरण मंच साथ आज से एमपी में शुरू होगा स्वदेशी संकल्प यात्रा
एवीएस न्यूज.भोपाल
सर्वविदित है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय मिशन आत्मनिर्भर भारत , देश को आर्थिक सशक्तिकरण की नई दिशा प्रदान कर रहा है। वोकल फ़ॉर लोकल के आह्वान तथा स्वदेशी अपनाओ, देश बचाओ के राष्ट्रीय नारे को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच एवं लगभग 7 करोड़ व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाला भारतीय संगठन कैट यह यात्रा देशभर में आयोजित कर रहे हैं।
व्यापारिक संगठन कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने स्वदेशी जागरण मंच के साथ संयुक्त तत्वावधान में स्वदेशी संकल्प यात्रा का शुभारंभ मध्य प्रदेश में 1 दिसंबर 2025 को पांढुरना गुरु देव सेवा मंडल जय स्तंभ चौक से करेगा। इस अवसर पर बीसी भरतिया राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुनील अग्रवाल प्रदेश अध्यक्ष, प्रकाशचंद उइके अनुसूचित जनजाति आयोग के विधिक सलाहकार यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
जिला अध्यक्ष भोपाल धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि इसके पूर्व स्वदेशी संकल्प यात्रा शुभारंभ 15 अक्टूबर 2025 को नागपुर (महाराष्ट्र) से हुआ। यह राष्ट्रव्यापी यात्रा वर्तमान में महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ के विभिन्न नगरों में सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और अब मध्यप्रदेश में पांढुर्णा से शुरू होगी और मुलताई होते हुए बैतूल पहुंचेगी । 2 दिसंबर को रथ का बैतूल शहर में विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करते चिचोली के लिए यात्रा की रवानगी होगी।
स्वदेशी उत्पाद,उद्योग और सोच नए भारत की मजबूत नींव : सुनील अग्रवाल
प्रदेश अध्यक्ष सुनील अगवाल ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य स्वदेशी को अपनाकर हम न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि अपने भविष्य को भी सुरक्षित और समृद्ध बनाते हैं। हम भारतीय है, स्वदेशी हमारा नारा ही नहीं, हमारा संकल्प है। स्वदेशी उत्पाद, स्वदेशी उद्योग और स्वदेशी सोच ही नहीं नए भारत की मजबूत नींव भी है।
- आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की दी जाएगी जानकारी
उन्होंने बताया कि यात्रा के क्रम में नागरिकों को कौन से उत्पाद भारतीय स्वदेशी हैं और कौन से विदेशी इसकी पहचान करने का सरल व व्यापक मार्गदर्शन,स्वदेशी वस्तुओं की खरीद से देश की विदेशी मुद्रा की बचत,देश की पूंजी का देश के उद्योगपतियों के पास बने रहने से उद्योग विस्तार को मिलने वाला बल,स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से रोजगार सृजन तथा नए उद्योगों के लिए आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकसित होने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

