मुंह के बल गिरा सोना, चांदी की चमक पड़ी फीकी : पन्द्रह दिन में सोना 10 हजार तो चांदी 37 हजार रुपए हुई सस्ती
एवीएस न्यूज.भोपाल
मौजूद समय में सोना-चांदी दोनों के भाव में मुंह के बल गिरे हुए है। स्थानीय भोपाल सराफा बाजार में सोना 15 दिन पहले की तुलना में 10 हजार प्रति दस ग्राम सस्ता हुआ है तो चांदी 3700 हजार रुपए प्रति किलो ग्राम सस्ती हुई है। सर्राफा महासंघ भोपाल के संगठन महामंत्री ,प्रवक्ता नवनीत अग्रवाल ने बताया कि 15 दिन पहले यानी 15 अक्टूबर को सोने का भाव 131400 रुपए प्रति दस ग्राम था, लेकिन गुरूवार यानी 30 अक्टूबर की शाम को मय 3 फीसदी जीएसटी के साथ सराफा बाजार में सोना 122500 रुपए दस ग्राम बोला गया। इसी प्रकार चांदी जो 15 अक्टूबर को 186000 रुपए प्रति किलो स्तर पर पहुंची थी गुरूवार को 149000 रुपए प्रति किलो ग्राम बोली गई। अग्रवाल ने बताया कि बीते 15 दिनों में सोना के भाव 9900 रुपए और चांदी के भाव 37000 रुपए प्रति किलो कम हुए है। उन्होंने कहाकि त्योहारों के बाद दोनों बहुमूल्य धातुओं से चमक फीकी पड़ी गई है। अत: उम्मीद है कि शादी के मौसम से फिर से दाम में रौनक आएगी।
- शादी-ब्याह के सीजन में फिर रफ्तार पकड़ सकते हैं दाम
बाजार जानकारों के अनुसार दिवाली-भाईदूज और छठ पूजा की रौनक ढलते ही सोने और चांदी की चमक भी मंद पड़ गई है। यह ठहराव ज्यादा दिनों का नहीं होगा, नवंबर से शुरू होने वाले शादी-ब्याह के सीजन में दाम फिर रफ्तार पकड़ सकते हैं। फिलहाल सोने-चांदी के वायदा भाव में गुरुवार को सुस्त देखी है। दोनों के भाव घरेलू बाजार में गिरावट के साथ खुले। घरेलू बाजार में सोने के वायदा भाव 1,19,000 रुपए, जबकि चांदी के भाव 1,44,800 रुपए के करीब कारोबार की।
- निवेशकों और ग्राहकों दोनों के लिए खरीदी एक मौका
जानकारों संजीव गर्ग (गांधी ) के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोना 3,942.80 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला क्लोजिंग प्राइस 4,000.70 डॉलर प्रति औंस था और शाम तक 53.30 डॉलर की गिरावट के साथ 3,947.40 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। सोने के भाव ने इस साल 4,398 डॉलर के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया। उन्होंने कहाकि शादी के सीजन में हर साल मांग बढ़ती है। अभी जो गिरावट है, वह निवेशकों और ग्राहकों दोनों के लिए खरीदी एक मौका है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से सोने की कीमतों में धीरे-धीरे उछाल लौट सकता है।
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में धातुओं में गिरावट का असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा
आर्थिक जानकारों का कहना है कि डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं में गिरावट का असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। अमेरिका में ब्याज दरें ऊंची बनी रहने की संभावना से निवेशकों का रुझान सोने-चांदी की बजाय अन्य सुरक्षित साधनों की ओर बढ़ गया ह। कॉमेक्स मार्केट में गोल्ड और सिल्वर पर दबाव बना हुआ है, जिससे भारतीय बाजार में भी कीमतों में गिरावट आई है।

