एवीएस न्यूज.भोपाल
मध्यप्रदेश राज्य कृषि  विपणन (मंडी) बोर्ड ने  प्रदेश के सोयाबीन उत्पादक कृषकों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई सोयाबीन भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन की खरीदी जो 24 अक्टूबर 2025 से आरंभ हो चुकी है  उसके प्रभावी एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए कृषकों, व्यापारी संगठनों, मंडी बार्ड /मंडी समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधा के लिए भावांतर हेल्पलाइन कॉल सेंटर प्रारंभ किया। यह हेल्पलाइन गुरूवार यानी 30 अक्टूबर से निरंतर योजना अवधि तक कार्यरत रहेगी।  
मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड, सहायक संचालक योगेश नागले ने बताया कि प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम द्वारा कृषकों, व्यापारियों, हम्माल-तुलावटियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से अपील की गई है कि वे भावांतर योजना 2025 का अधिक से अधिक लाभ लें तथा आवश्यक जानकारी के लिए हेल्पलाइन का उपयोग करें। भावांतर हेल्पलाइन का दूरभाष नंबर 0755-2704555 है । उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक निरंतर कार्य करेगी। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए कोई भी कृषक, व्यापारी अथवा संबंधित व्यक्ति हेल्पलाइन से संपर्क कर सकता है।  


-   प्रदेश में 62 हजार किसानों ने 10 लाख क्विंटल और  भोपाल में 448 किसानों ने बेचा 17 हजार क्विंटल सोयाबीन  
राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश की सभी कृषि उपज मंडियों में भावांतर योजना के तहत 24 अक्टूबर से अभी पंजीकृत किसानों में से 62 हजार किसानों ने 10 लाख क्विंटल  सोयाबीन बिक्री की । जबकि भोपाल में 448 किसानों ने बेचा 17 हजार क्विंटल सोयाबीन  की बिक्री की। जानकारी के अनुसार  प्रदेश में सोयाबीन फसल के लिए लागू की गई भावांतर योजना में 9 लाख 36 हजार 352 किसानों ने पंजीयन कराया है।  प्रदेश में सोयाबीन की बुवाई का रकवा गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 58.72 लाख हेक्टेयर था जो वर्तमान में 53.20 लाख हेक्टेयर है। इस वर्ष 2025-26 में 55.54 लाख मीट्रिक टन सोयाबीन का उत्पादन हुआ है।