भोपाल सायबर क्राइम ने जारी की चेतावनी, नए मोबाइल फ्रॉड से रहें सावधान, कॉल और OTP हैक कर रहे ठग
भोपाल। राजधानी भोपाल में सायबर अपराधियों का नया ठगी का तरीका सामने आया है। भोपाल सायबर क्राइम और नगरीय पुलिस ने नागरिकों को सचेत करते हुए बताया है कि ठग अब मोबाइल कॉल और मैसेज को अपने नंबर पर फॉरवर्ड कर लोगों के बैंक खातों और व्हाट्सऐप तक पहुंच बना रहे हैं। पुलिस ने इसे नया और खतरनाक मोबाइल फ्रॉड पैटर्न बताया है और कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही पूरे डिजिटल डेटा को खतरे में डाल सकती है। भोपाल सायबर क्राइम शाखा ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि किसी भी स्थिति में ऐसे कोड डायल न करें और किसी अजनबी के कहने पर मोबाइल सेटिंग्स में बदलाव न करें।
इस तरह जाल में फंसा रहे हैं अपराधी
सायबर पुलिस के मुताबिक ठग फोन कॉल या मैसेज के जरिए खुद को किसी बैंक, मोबाइल कंपनी या सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर कॉल करते हैं। वे किसी बहाने से व्यक्ति को अपने मोबाइल पर यह कोड डायल करने को कहते हैं 21<मोबाइल नंबर>*# जैसे ही कोई व्यक्ति यह कोड डायल करता है, उसके नंबर पर आने वाले सभी कॉल और SMS ठग के मोबाइल नंबर पर फॉरवर्ड हो जाते हैं। इस तरह फ्रॉडस्टर को आपके मोबाइल पर आने वाले OTP, बैंक अलर्ट और ऐप वेरिफिकेशन कोड तक पहुंच मिल जाती है। इसके बाद अपराधी उन ओटीपी का इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप, सोशल मीडिया अकाउंट और बैंक ऐप्स को एक्सेस कर लेते हैं। कई मामलों में ठग पीड़ित के नाम से परिजनों या दोस्तों से पैसे भी वसूल रहे हैं।

