एवीएस.नई दिल्ली  
अमेजन ने घोषणा की, कि उसने अमेजन ग्लोबल सेलिंग प्रोग्राम के जरिए 2015 से 2025 के बीच भारत से लाखों भारतीय विक्रेताओं को 20 अरब डॉलर से अधिक का निर्यात करने में मदद की। 2020 में अमेज़न ने 2025 तक भारत से कुल 10 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात का लक्ष्य रखा था, जिसे बाद में उसी समय-सीमा के भीतर बढ़ाकर 20 अरब डॉलर कर दिया गया। अमेज़न ने समय से पहले ही इस बढ़े हुए निर्यात लक्ष्य को पूरा कर लिया।

अमेजन का प्रमुख ई-कॉमर्स निर्यात कार्यक्रम, अमेज़न ग्लोबल सेलिंग, 2015 में लांच किया गया था। इस कार्यक्रम ने पिछले 10 साल में 2 लाख से अधिक निर्यातकों को पंजीकृत किया है, जो दुनिया भर के ग्राहकों को कुल मिलाकर 75 करोड़ से अधिक 'मेड इन इंडिया' उत्पाद की बिक्री कर चुके हैं। पिछले साल भर में इस कार्यक्रम के तहत कुल विक्रेताओं की संख्या में 33 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है।  


कंपनी के प्रमुख, श्रीनिधि कलवापुडी ने कहा कि अमेजन ने भारत की पारंपरिक निर्यात श्रेणी, जैसे स्वास्थ्य और व्यक्तिगत देखभाल, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने, घरेलू परिधान और फर्नीचर, आदि में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।  

हम इस सफलता के आधार पर, 2030 तक अपने 80 अरब डॉलर के संचयी ई-कॉमर्स निर्यात लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए, प्रौद्योगिकी, नवोन्मेष, क्षमता निर्माण और परितंत्र साझेदारी के जरिए वैश्विक बिक्री को सरल बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हम इसे सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भारत का ई-कॉमर्स निर्यात विकास भारत सरकार के 2030 तक 200-300 अरब डॉलर करने के लक्ष्य के अनुरूप है।