मुंबई ।   अमेजन और फ्लिपकार्ट की मेगा सेल ग्रेट इंडियन फेस्टिवल और बिग बिलियन डेज ने पहले ही हफ्ते में रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की। सिर्फ पहले सात दिनों में ही कुल 60,700 करोड़ रुपए की ऑनलाइन सेल हुई, जो पिछले साल की तुलना में 29 फीसदी ज्यादा है।

मार्केट रिसर्च कंपनी डैटम इंटेलिजेंस का कहना है कि इस साल कुल त्योहारी सेल 1.2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकती है। इसका मतलब है कि पिछले साल के करीब 1 लाख करोड़ के मुकाबले इस बार बाजार और भी गर्म रहने वाला है। इस शानदार प्रदर्शन का सबसे बड़ा कारण मोबाइल फोन की सेल रही, जिसने कुल बिक्री में 42 फीसदी योगदान दिया। इसके अलावा घरेलू उपकरण और किराना की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल आया।

घरेलू उपकरण की बिक्री में 41फीसदी  और किराना में 44 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि  जीएसटी 2.0 सुधार ने महंगे प्रोडक्ट्स पर टैक्स कम कर ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया। फ्लिपकार्ट के बिग बिलियन डेज में पहले 48 घंटे में 606 मिलियन विजिट्स हुईं, जिनमें एक-तिहाई जेन-जेड ग्राहक थे। जीएसटी सुधारों और जल्दी डिलीवरी की सुविधाओं ने खरीदारों को उत्साहित रखा।