गुरुग्राम । एयरटेल बिजनेस ने सटीक- लोकेशन तकनीक की अग्रणी कंपनी स्विफ्ट नेविगेशन के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इसके तहत भारत की पहली एआई/एमएल-संचालित, क्लाउड-आधारित लोकेशन सेवा एयरटेल-स्काईलार्क प्रीसाइज पोज़िशनिंग सर्विस लांच की जा रही है। यह सेवा सामान्य जीएनएसएस (ग्लोबल नेविगेशन सैटेलाइट सिस्टम) की तुलना में सटीकता को 100 गुना तक बेहतर बनाएगी। 
एयरटेल बिज़नेस और स्विफ्ट नेविगेशन की यह विशेष साझेदारी, एयरटेल-स्काईलार्क को एयरटेल के पूरे भारत में फैले मजबूत 4जी/5जी नेटवर्क से जोड़कर पेश करेगी। इससे एक विश्वसनीय और आसानी से उपलब्ध सेंटीमीटर-लेवल की सटीक लोकेशन सेवा मिलेगी, जिसका उपयोग बड़े पैमाने पर ज़रूरी और लोकेशन-आधारित कामों के लिए किया जा सकेगा। कई उद्योग इस सटीक सेवा से फायदा उठा सकेंगे, जैसे टोल वसूली, इमरजेंसी सेवाएं, डिजिटल नक्शे, निर्माण काम, बिजली-पानी जैसी सुविधाएं, गाड़ियों का प्रबंधन और खुद चलने वाली गाड़ियां। यह सेवा भारत के शहरों और गाँवों में नए बदलाव, बेहतर कामकाज और तेज गति से सेवाएं प्रदान करने में मदद करेगी।

शरत सिन्हा, डायरेक्टर एवं सीईओ  एयरटेल बिजनेस, ने कहाकि हमारे जैसे देश में, जहां गली-मोहल्लों का जाल है, वहाँ हर सेंटीमीटर किसी सटीक लोकेशन या पते को पहचानने से बहुत बड़ा फर्क पड़ता है, खासकर ज़रूरी सेवाओं जैसे फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स के लिए। स्विफ्ट नेविगेशन के साथ साझेदारी करके हमें गर्व है कि हम भारत की पहली क्लाउड-आधारित, एआई,एमएल-संचालित जीएनएसएस करेक्शन्स सर्विस लांच कर रहे हैं, जो सेंटीमीटर-लेवल की सटीकता प्रदान करेगी। यह क्रांतिकारी तकनीक न केवल आपातकालीन सेवाओं को बदल देगी और औद्योगिक उपयोगों के लिए नए मानक तय करेगी, बल्कि स्वचालित गाड़ियाँ और सैटेलाइट-आधारित टोल वसूली जैसे नए समाधानों में भी तेजी लाएगी।