प्रधानमंत्री रोजगार मेला नर्मदा रेलवे क्लब हबीबगंज में 254 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
भोपाल : केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार मेला योजना के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल द्वारा आज एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। यह आयोजन भोपाल स्थित रेलवे ऑडिटोरियम, नर्मदा रेलवे क्लब, हबीबगंज (साँची दूध डेयरी के सामने) में आयोजित है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉंफ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लगभग 51,000 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित किए और उन्हें नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया। आयोजित स्थानीय समारोह में केंद्रीय मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा सांसद आलोक शर्मा, विश्वास सारंग मंत्री- सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर,भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, विधायक भगवानदास सबनानी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 254 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया। इन अभ्यर्थियों में 196 रेलवे विभाग से तथा 58 अन्य केंद्रीय विभागों से हैं, जिनमें बैंकिंग, सीआईएसएफ, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, डाक विभाग आदि शामिल हैं।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रारंभिक 30 अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र मुख्य अतिथि द्वारा तथा शेष अभ्यर्थियों को विभागीय अधिकारियों एवं विशिष्ट जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किए।
उल्लेखनीय है कि रेलवे देश का सबसे बड़ा नियोक्ता है और मध्यप्रदेश सहित राजस्थान जैसे क्षेत्रों में निरंतर नए रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है। हाल ही में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-26 में मध्यप्रदेश को 14,745 करोड़ का ऐतिहासिक बजट आवंटन प्राप्त हुआ है, जिससे राज्य में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार को नई गति मिल रही है।

