गेल ने किया ‘सक्षम साइक्लोथॉन’ का आयोजन, प्रतिभागी हुए पुरस्कृत
एवीएस न्यूज.भोपाल
भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तत्वावधान में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा भोपाल में ‘सक्षम साइक्लोथॉन’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य महाप्रबंधक एवं राज्य प्रमुख, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भोपाल, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इनके अलावा गेल इंडिया लिमिटेड के आंचलिक मुख्य महाप्रबंधक रंजन कुमार एवं अन्य अधिकारियों तथा अन्य पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस उपक्रमों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। इस रैली में सभी क्षेत्रों से, जैसे की-स्कूल, कॉर्पोरेट्स, विभिन्न साइकिल राइडर एसोसिएशन के सदस्यों तथा विभिन्न उम्र के लोगों ने भारी संख्या में उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया तथा 4 विजेताओं जिनमें 2 पुरुष तथा 2 महिलाओं को ईनाम के स्वरूप में साइकिल प्रदान की गई। सायक्लोथान एमवीएम ग्राउंड ,रोशनपुरा नानके पेट्रोल पंप , लिंक रोड होते हुए वापस एमवीएम ग्राउंड ग्राउंड पर समाप्त हुई। मुख्य अतिथि ने सभी उपस्थित लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में अजय कुमार श्रीवास्तव ने साइकिल चलाने के फायदे बताते हुए कहा कि साइकिल चलाने से न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य में लाभ होता है, अपितु देश की अर्थव्यवस्था के आयातित तेल में व्यय होने वाली विदेशी मुद्रा में भी बचत होती है। भोपाल वासियों के स्वास्थ्य में सुधार, प्रदूषण और ईंधन निर्भरता को कम करने और व्यायाम के महत्व को समझाने के लिए यह एक पहल साबित होगी।

