टीवीएस मोटर और ऑल्ट मोबिलिटी के बीच साझेदारी
नई दिल्ली। टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर निर्माण में वैश्विक अग्रणी टीवीएस मोटर कंपनी ने आज एक प्रमुख लीजिंग और एसेट मैनेजमेंट कंपनी ऑल्ट मोबिलिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत वित्त वर्ष 2025–26 में 3,000 तक टीवीएस इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (पैसेंजर और कार्गो) लीज़ पर उपलब्ध कराए जाएंगे और तैनात किए जाएंगे।
इस सहयोग के तहत, टीवीएस मोटर कंपनी वाहन उपलब्ध कराएगी, जबकि ऑल्ट मोबिलिटी उन्हें अपने ईकोसिस्टम के जरिए खरीदेगी, लीज पर देगी और फाइनेंस करेगी। ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से मॉडल, वेरिएंट और स्पेसिफिकेशन संयुक्त रूप से तय किए जाएंगे। वाहनों की डिलीवरी टीवीएस मोटर के अधिकृत डीलरों और ऑल्ट के सेल्स प्वाइंट्स के माध्यम से पूरे भारत में की जाएगी। ये वाहन ऑल्ट के “ड्राइव-टू-ओन” लीजिंग मॉडल के तहत व्यक्तिगत ड्राइवरों और फ्लीट ऑपरेटरों को पैसेंजर और कार्गो परिवहन के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस मॉडल की खासियत है ऑल्ट का इंटीग्रेटेड एसेट मैनेजमेंट वैल्यू सिस्टम, जो 24x7 वाहन मॉनिटरिंग और समय से पहले मेंटेनेंस सुनिश्चित करता है। टीवीएस मोटर कंपनी के बिज़नेस हेड कमर्शियल मोबिलिटी, रजत गुप्ता ने कहाकि ऑल्ट मोबिलिटी के साथ यह सहयोग बड़े पैमाने पर सतत शहरी और लास्ट-माइल मोबिलिटी को सक्षम करने की दिशा में एक अहम कदम है। हमारा एडवांस्ड इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर पोर्टफोलियो, जिसे बेहतर रेंज, तेज चार्जिंग और मजबूती के लिए डिजाइन किया गया है, व्यवसायों और ड्राइवरों को विश्वसनीय, स्वच्छ और किफायती समाधान प्रदान करेगा।

