3 मंदिर, शौचालय, पुलिस चौकी और वार्ड ऑफिस को भी जोड़ा जाएगा
व्यापारियों ने किया विरोध, कहा हमारा रोजगार छिन गया
जीतू पटवारी ने दी है आंदोलन करने की चेतावनी

शनिवार को भी होगी दुकानें तोड़ने की कार्रवाई

शिवनारायण सोनी, भोपाल।
राजधानी के भेल क्षेत्र के आनंद नगर में शुक्रवार को 146 दुकानों को हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी से दुकानें तोड़ दी । 3 मंदिर, शौचालय, पुलिस चौकी और वार्ड ऑफिस को भी हटाने की कार्रवाई होगी।
भेल क्षेत्र के रायसेन रोड के आशाराम तिराहा से रत्नागिरी तिराहे तक 16 किलोमीटर लंबा 6 लेन सड़क का निर्माण कार्य किया जाना है। इसके लिए सड़क चौड़ीकरण के जद में आने वालीं दुकानें हटाई जा रही हैं। वहीं, पक्के निर्माण भी तोड़े जा रहे हैं। शुक्रवार को हुई कार्रवाई में आनंद नगर तिराहे पर बनी 146 दुकानों को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। 


व्यापारियों ने जताया विरोध
इस कार्यवाई का स्थानीय व्यपारियों ने विरोध भी जताया है। उन्होंने कहा बड़ी संख्या में व्यापारी बेरोजगार हो जाएंगे। दुकान के सहारे उनके घर का गुजर बसर होता था। अब वे कहां जाएंगे। उनके घर का गुजर बसर कैसे चलेगा। अधिकांश व्यापारियों ने  दुकान के लिए जगह की मांग की है, जिससे व्यापारियों को अपना रोजगार चलाने में मदद मिले और उनका परिवार का लालन पाषण हो सके।

 

निर्माण कार्य में बाधा न आए, इसलिए तोड़ी दुकानें
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आनंद नगर में शुक्रवार को हुई कार्रवाई का मुख्य कारण कारण सिक्सलेन निर्माण के दौरान ही फ्लाईओवर भी बनेगा। इसके लिए सड़क किनारे की दुकानें हटाई जा रही हैं। ताकि, निर्माण में कोई दिक्कत न हो। शाम तक हुई कार्रवाई में कुल 146 दुकानें हटाई जा रही हैं। इनमें से ज्यादातर शुक्रवार को हटा दी गई। शनिवार को तीन मंदिरों की भी शिफ्टिंग का काम होगा। वहीं, नगर निगम के वार्ड ऑफिस, पुलिस चौकी और शौचालय को भी हटाया जाएगा।

 

 

 फ्लाईओवर निर्माण के चलते दुकानें हटाई 
गोविंदपुरा एसडीएम भुवन गुप्ता ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के चलते दुकानें हटाई गई हैं। इसका मुआवजा पहले से वितरित हो चुका है। अन्य निर्माण भी जल्द हटाए जाएंगे। इधर, दुकानें हटाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी कुछ दिन पहले यहां पहुंचे थे। उन्होंने आंदोलन करने की चेतावनी दी थी।